पन्ना में आदिवासी कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव का पुतला जलाया, इस्तीफे की मांग की
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
पन्ना में जिला आदिवासी कांग्रेस ने विश्व आदिवासी दिवस पर मुख्यमंत्री के कथित बयान के विरोध में पुतला जलाया। पुलिस से झूमाझटकी हुई और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन में इस्तीफा मांगा गया।
जिला आदिवासी कांग्रेस ने शनिवार को पन्ना में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह विरोध विश्व आदिवासी दिवस पर मुख्यमंत्री के दिए कथित विरोधात्मक बयान को लेकर था।
जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाया। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक और झूमाझटकी हो गई। कुछ देर तक मौके पर तनाव बना रहा।
पुतला जलाने के बाद आदिवासी कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि डॉ. मोहन यादव नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।
ज्ञापन में कहा गया कि 9 अगस्त को मनाया जाने वाला विश्व आदिवासी दिवस संयुक्त राष्ट्र संघ ने घोषित किया है और यह दुनिया के 192 देशों में मनाया जाता है। ज्ञापन के मुताबिक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का इस दिवस पर सवाल उठाना मूलनिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान का अपमान है।
सुरेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासी और वंचित वर्ग का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से खेद नहीं जताया और अपनी भाषा में सुधार नहीं किया, तो आदिवासी समाज आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगा।
प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के लोग मौजूद रहे।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।