सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

राहुल गांधी ने भाई दूज पर बड़वानी की प्रियंका सेंगर से की मुलाकात, आंख का ऑपरेशन पहले हो चुका

राहुल गांधी
राहुल गांधी | फाइल फोटो | ThePrint
सियासत PT24 राजनीति डेस्क

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के इंदिरा भवन में चाचरिया क्षेत्र की प्रियंका सेंगर से भाई दूज पर मुलाकात की। इंदौर में दिए आश्वासन के बाद 1 अक्टूबर को उनकी आंख का ऑपरेशन हुआ था।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भाई दूज के मौके पर दिल्ली के कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में चाचरिया क्षेत्र की प्रियंका सेंगर से मुलाकात की। इस दौरान प्रियंका की आंख के ऑपरेशन और इलाके की अलग-अलग समस्याओं पर भी विस्तार से बातचीत हुई।

बात 19 सितंबर की है। इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम हुआ था, जिसमें साधारण किसान परिवार की प्रियंका सेंगर ने राहुल गांधी से मुलाकात की। प्रियंका जब तीन साल की थीं, तब उनकी आंख में चूना गिर गया था। इसी वजह से वे एक आंख से देख नहीं पातीं। कार्यक्रम में उन्होंने अपनी यह परेशानी राहुल गांधी को बताई, तो राहुल गांधी ने आंखों का बेहतर इलाज कराने का आश्वासन दिया।

इसी वादे के मुताबिक 1 अक्टूबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी आई हॉस्पिटल में प्रियंका का ऑपरेशन कराया गया, जो सफल रहा। इस पूरे इलाज और दिल्ली के सफर में सामाजिक कार्यकर्ता सरदार नरगावे, कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पोरलाल खरते और प्रियंका के पिता उदय सिंह सेंगर लगातार उनके साथ रहे। उन्होंने हर तरह की मदद भी की।

11 नवंबर को भाई दूज पर इंदिरा भवन में राहुल गांधी ने प्रियंका, उनके पिता उदय सिंह सेंगर और सरदार नरगावे से खास मुलाकात की। राहुल गांधी ने प्रियंका का हालचाल पूछा और दिलासा देते हुए कहा कि किसी बात की चिंता मत करना, आपका भाई आपके साथ है। उन्होंने आगे भी इलाज में हर संभव मदद का भरोसा दिया।

मुलाकात में प्रियंका ने विद्यार्थियों से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उठाए। इनमें छात्रवृत्ति, आवास राशि, भर्ती प्रक्रिया और पेपर लीक जैसी समस्याएं खास थीं। सामाजिक कार्यकर्ता नरगावे ने गांवों में शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं के ठीक से लागू न होने और पात्र लोगों तक उनका फायदा न पहुंचने का मुद्दा उठाया। उन्होंने यह भी बताया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों के बारे में जागरूक कर रहे हैं।

#इंदौर#सियासत#PT24#Politics#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन