ऊन के महालक्ष्मी मंदिर में अन्नकूट, माता को 56 व्यंजनों का भोग, एक लाख से ज्यादा ने लिया प्रसाद
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
खरगोन जिले के ऊन में मंगलवार को गोपाष्टमी पर 21 कुंडीय महायज्ञ का समापन हुआ। इसके बाद अन्नकूट में 56 व्यंजनों का भोग लगा और भंडारे में एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु शामिल हुए।
खरगोन जिले के ऊन में स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। कार्तिक मास की अष्टमी के दिन मंदिर परिसर में चल रहे 21 कुंडीय महायज्ञ का समापन भी हुआ। यज्ञ में क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए वैदिक मंत्रों के साथ आहुतियां दी गईं।
आयोजन के दौरान गायत्री मंदिर से मां लक्ष्मी मंदिर तक कलश यात्रा निकाली गई। खरगोन से ध्वज यात्रा भी मंदिर पहुंची। कार्यक्रम में कन्या पूजन, गोपूजन और कन्या भोज भी हुआ।
गोपाष्टमी के दिन सुबह महालक्ष्मी का पूजन और अभिषेक किया गया। सुबह 8 बजे श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ शुरू हुआ। पूर्णाहुति के बाद दोपहर 12 बजे माता को 56 तरह के व्यंजनों का भोग लगाया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने अन्नकूट के दर्शन किए।
मंदिर समिति के गजेंद्र सोनी ने बताया कि इस साल अन्नकूट महोत्सव 17वें वर्ष में मनाया गया। उनके मुताबिक 1 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने प्रसादी ली। समिति से जुड़े सुनील पाटीदार ने बताया कि भक्तों ने सेवा की और भंडारे में प्रसादी ग्रहण की।
भंडारे का भोजन 20 से ज्यादा चूल्हों पर तैयार किया गया। खरगोन और आसपास के 50 से ज्यादा गांवों से 1 लाख से अधिक श्रद्धालु इसमें शामिल हुए। ऊन के साथ सेगाव, छोटी ऊन, बनिहार, घोटिया, तलकपुरा, गंधावड, कमोदवाडा, रायबिडपुरा, लोनारा, गावसंन, सोनतलाव, श्रीखंडी और हनुमंतिया सहित 25 गांवों के भक्तों ने सेवा की।
देवीधाम में महोत्सव दीपावली की धनतेरस से ही चल रहा है। इस दौरान महालक्ष्मी मंदिर परिसर को रंगोली, फूलों और रोशनी से सजाया गया था।
मंदिर के गर्भगृह में कमल आसन पर मां महालक्ष्मी की करीब 6 फीट ऊंची स्वयंभू प्रतिमा स्थापित है। बताया जाता है कि यह मंदिर लगभग 1300 साल पुराना है और परमार काल का है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।