गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

नर्मदा घाटी के नीचे 1000 किमी से लंबा भूगर्भीय क्षेत्र, पुरानी दरारें फिर सक्रिय होने की आशंका

धूप में दो हेलमेट पहने कर्मचारी बांध पर चलते हैं, पास में जलाशय और बहता पानी है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 शहर डेस्क

निमाड़ में हाल के भूकंप के झटकों के बाद सीएसआईआर के विज्ञानियों के शोध ने नर्मदा पट्टी में भूगर्भीय खतरे की आशंका को बल दिया है। इस क्षेत्र में बड़े बांध भी हैं।

मध्य प्रदेश के निमाड़ के जिलों में हाल के दिनों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इनसे नर्मदा पट्टी में आगे भूगर्भीय खतरे की आशंका पैदा हो गई है। राष्ट्रीय भूभौतिकीय अनुसंधान संस्थान (सीएसआइआर), हैदराबाद के विज्ञानियों के हालिया शोध ने भी इस आशंका को बल दिया है।

यह खतरा इसलिए चिंता की बात है कि नर्मदा घाटी में सरदार सरोवर का बैकवाटर है और इंदिरा सागर व ओंकारेश्वर जैसे बड़े बांध भी हैं। ऐसे में बांधों की भूकंप सहने की क्षमता, नियमित तकनीकी जांच और आसपास की बस्तियों में भवनों की सुरक्षा का आकलन अहम हो जाता है।

खरगोन जिले में 14 नवंबर को 4.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। खंडवा, धार, बड़वानी और आसपास के इलाकों में भी झटके महसूस हुए। इससे पहले 18 अक्टूबर को खरगोन में 3.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ था। यानी एक महीने से कम समय में धरती दूसरी बार कांपी।

सीएसआईआर के विज्ञानियों का शोध जुलाई 2026 में प्रकाशित हुआ। इसमें वर्ष 1800 से 2025 तक के भूकंपों का अध्ययन करके भारतीय भूभाग को सात प्रमुख भूकंपीय क्षेत्रों में बांटा गया है। इनमें मध्य भारत का सेंट्रल इंडियन टेक्टोनिक जोन (सीआइटीजेड) निमाड़ के लिहाज से अहम है। यह उत्तर-पूर्व से दक्षिण-पश्चिम की दिशा में एक हजार किलोमीटर से ज्यादा लंबा भूगर्भीय क्षेत्र है।

इस क्षेत्र की उत्तरी सीमा नर्मदा-सोन लिनियामेंट से और दक्षिणी सीमा सेंट्रल इंडियन स्यूचर से तय होती है। नर्मदा और तापी की रिफ्ट संरचनाएं भी इसी क्षेत्र का हिस्सा हैं। यह धरती के भीतर फैली पुरानी भूगर्भीय दरारों और चट्टानों की हलचल से बनी संरचनाओं का बड़ा इलाका है।

शोध के मुताबिक नर्मदा रिफ्ट क्षेत्र में करीब 70 साल के दौरान 5.4 या इससे ज्यादा तीव्रता के पांच भूकंप दर्ज हुए। विज्ञानियों के अनुसार भारतीय और यूरेशियन प्लेटों के टकराव से जो दबाव बनता है, वह देश के भीतरी हिस्सों तक पहुंचता है। यह दबाव पहले से कमजोर भूगर्भीय संरचनाओं में तनाव बढ़ा सकता है। ऐसे में धरती के भीतर मौजूद पुराने भ्रंश, यानी चट्टानों में दरार और खिसकाव वाले हिस्से, समय के साथ दोबारा सक्रिय हो सकते हैं।

श्री गोविंदराम सेकसरिया प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (एसजीएसआइटीएस), इंदौर के असिस्टेंट प्रोफेसर विवेक तिवारी ने कहा, "मध्य भारत को अपेक्षाकृत स्थिर भूभाग माना जाता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि यहां भूकंप का खतरा नहीं है। इसलिए लगातार निगरानी और अनुसंधान के साथ भवनों व दूसरी संरचनाओं की सुरक्षा पर खास ध्यान देना जरूरी है।"

#इंदौर#शहर#PT24#Civic#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन