एमपी हाई कोर्ट का नया नियम: निचली अदालतों में ए-4 और कम से कम 75 जीएसएम के कागज पर ही दस्तावेज
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मप्र हाई कोर्ट ने जिला एवं सत्र न्यायालय और कुटुंब न्यायालय में दस्तावेज देने के लिए कागज, फॉन्ट और मार्जिन के मानक तय किए हैं। अब वकीलों को इसी प्रारूप में दस्तावेज तैयार करने होंगे।
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने जिला एवं सत्र न्यायालय और कुटुंब न्यायालय में दस्तावेज जमा करने के तरीके में बड़ा बदलाव किया है। हाई कोर्ट ने आवेदन-पत्र, परिवाद-पत्र, याचिकाओं, शपथ-पत्रों और दूसरे दस्तावेजों के लिए कागज, प्रिंटिंग, फॉन्ट और मार्जिन को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष यादव ने बताया कि इन निर्देशों के तहत अब वकीलों को अदालत में दस्तावेज देते समय तय प्रारूप और तकनीकी मानकों का पालन करना होगा।
दिशा-निर्देशों के मुताबिक अदालती दस्तावेजों की टाइपिंग ए-4 आकार के कागज (29.7 x 21 सेंटीमीटर) पर करनी होगी। फॉन्ट टाइम्स न्यू रोमन ही रखना होगा। आम टेक्स्ट का फॉन्ट साइज 14 तय किया गया है। पंक्तियों के बीच 1.5 लाइन स्पेसिंग रखनी होगी, ताकि दस्तावेज पढ़ने में साफ और आसान रहें।
यादव ने बताया कि मार्जिन के भी मानक तय हो गए हैं। दस्तावेज के बाईं ओर 4 सेंटीमीटर और दाईं ओर 4 सेंटीमीटर का मार्जिन छोड़ना होगा। ऊपर और नीचे का मार्जिन 2-2 सेंटीमीटर रखा गया है। दस्तावेज में दिए जाने वाले उद्धरण और इंडेंट वाले हिस्सों के लिए फॉन्ट साइज 12 और सिंगल लाइन स्पेसिंग रखनी होगी।
कागज की गुणवत्ता को देखते हुए कम से कम 75 जीएसएम के पेपर का इस्तेमाल करने को कहा गया है। यानी इससे पतले कागज अब नहीं चलेंगे। साथ ही प्रिंटिंग कागज के दोनों तरफ करने का प्रावधान किया गया है।
बताया जा रहा है कि इन दिशा-निर्देशों का मकसद अदालतों में पेश होने वाले दस्तावेजों में एकरूपता रखना और कागज की गुणवत्ता पक्की करना है। साथ ही अदालती कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों को पढ़ना और समझना आसान बनाना भी इनका उद्देश्य है।
हाई कोर्ट के निर्देशों के पालन में जिला एवं सत्र न्यायालयों और कुटुंब न्यायालय में दस्तावेज देने वाले वकीलों को आवेदन, याचिकाएं और दूसरे न्यायिक अभिलेख तय प्रारूप के हिसाब से ही बनाने होंगे। इसके लिए उन्हें अपने कंप्यूटर और प्रिंटिंग की सेटिंग में जरूरी बदलाव करने होंगे, ताकि दस्तावेज जमा करते समय किसी तरह की तकनीकी गड़बड़ी या परेशानी न आए।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।