दतिया में बैंक कर्मचारी बनकर ठग ने पेंशनर के खातों से उड़ाए 8.49 लाख रुपये
दतिया में खुद को बैंक के हेड ऑफिस का कर्मचारी बताने वाले एक व्यक्ति ने 75 साल के पेंशनर से ओटीपी लेकर उनके दो खातों से 8 लाख 49 हजार 823 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने जांच शुरू की है।
दतिया में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। यहां एक ठग ने खुद को बैंक के हेड ऑफिस का कर्मचारी बताया और 75 साल के पेंशनर को जीवन प्रमाण पत्र डाउनलोड कराने के बहाने फंसा लिया। उसने बुजुर्ग से मोबाइल पर आया ओटीपी ले लिया। इसके बाद उनके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और आईसीआईसीआई बैंक के खातों से कुल 8 लाख 49 हजार 823 रुपये निकाल लिए गए।
मामला बुंदेला कॉलोनी में रहने वाले किशनलाल अहिरवार (75) का है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 12 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वे अपने मोबाइल से जीवन प्रमाण पत्र डाउनलोड कर रहे थे। उसी दौरान उनके मोबाइल पर 8453026385 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को सेंट्रल बैंक के मुंबई हेड ऑफिस का कर्मचारी बताया और कहा कि वे जीवन प्रमाण पत्र गलत तरीके से डाउनलोड कर रहे हैं।
किशनलाल के मुताबिक आरोपी ने उनसे कहा कि वह जैसा बताता जाए, वे वैसा ही करते जाएं। फिर उसने उनसे आधार कार्ड नंबर पूछा। इसके बाद मोबाइल पर आया ओटीपी भी ले लिया और उसे फोन में डालने को कहा। ओटीपी डालते ही बुजुर्ग का मोबाइल हैक हो गया।
कुछ ही देर बाद किशनलाल के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के गांधी रोड, दतिया स्थित खाते से 2 लाख 72 हजार 973 रुपये निकाल लिए गए। वहीं आईसीआईसीआई बैंक के पिंटो पार्क, ग्वालियर स्थित पीपीएफ खाते से 5 लाख 76 हजार 850 रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। दोनों खातों से कुल 8 लाख 49 हजार 823 रुपये निकलने के बाद उन्हें ठगी का पता चला।
किशनलाल की शिकायत पर पुलिस ने ऑनलाइन मिली जीरो एफआईआर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर और रकम के ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटा रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।