धार के नलावदा में तालाब से रात-दिन खिंच रहा पानी, 12 परिवारों की मछली पालन की रोजी खतरे में
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
धार जिले के नलावदा के ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के इकलौते तालाब का पानी मोटर से निजी तलाई में भरा जा रहा है। शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, जबकि तालाब पर मछली पालन करने वाले 12 परिवार निर्भर हैं।
धार जिले के तिरला ब्लॉक में आने वाले गांव नलावदा के लोगों ने आरोप लगाया है कि गांव के इकलौते तालाब से पानी अवैध तरीके से निकाला जा रहा है और उसे एक निजी तलाई में जमा किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिलसिला पिछले 15 दिनों से चल रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक कुछ लोगों ने तालाब पर मोटर लगा रखी है, जो 24 घंटे चलती है। इस वजह से तालाब का जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। उनका कहना है कि अगर इसी तरह पानी खिंचता रहा तो अगले 3 से 4 दिनों में तालाब सूख सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि नलावदा में यही एक तालाब है। गांव के बोरवेल और नलकूप इसी से रिचार्ज होते हैं। पीने के पानी की व्यवस्था के साथ गौशाला और मवेशियों के लिए पानी भी इसी तालाब के भरोसे है। तालाब सूखा तो गांव में पीने के पानी का संकट खड़ा हो सकता है और जानवरों के लिए भी पानी की दिक्कत होगी।
तालाब मत्स्य उद्योग सहकारी संस्था के जरिए मछली पालन के लिए लीज पर दिया गया है। इसमें मछली के बीज डालकर पालन किया जाता है और समूह के 12 परिवारों की आजीविका इसी से चलती है। समूह के अध्यक्ष फूलचंद पिता मिश्रीलाल ने कलेक्टर के नाम आवेदन देकर तालाब से कथित अवैध तरीके से पानी निकालना रोकने की मांग की थी। समूह का कहना है कि तालाब सूखने से मछली पालन का काम प्रभावित होगा और 12 परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट आ जाएगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि पानी निकालने के लिए मोटर और बिजली का इस्तेमाल हो रहा है। बिजली विभाग को जानकारी देने के बाद भी मोटर बंद नहीं करवाई गई। इस मामले में जनपद सीईओ तिरला, तहसीलदार, पटवारी, जनपद सीईओ धार, एसडीएम धार और थाना प्रभारी तिरला समेत संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इतनी शिकायतों के बावजूद पानी की निकासी जारी है और जिम्मेदार विभागों ने अब तक कार्रवाई नहीं की। उन्होंने तालाब से पानी निकालने पर तुरंत रोक लगाने और इसके जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।