गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

भोपाल में एमडी के साथ महिला और उसका साथी गिरफ्तार, यूपी से लाने का आरोप

थाने के कमरे में पुलिसकर्मी मेज पर सफेद पदार्थ तौलकर रजिस्टर में लिख रहा है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जुर्म PT24 अपराध डेस्क

क्राइम ब्रांच ने एमपी नगर में शराब दुकान के पास से 38 साल की महिला को 14.19 ग्राम एमडी के साथ पकड़ा। उसकी निशानदेही पर 37 साल का साथी भी गिरफ्तार हुआ।

भोपाल क्राइम ब्रांच ने उत्तर प्रदेश से एमडी (मेफेड्रोन) लेकर आई एक 38 साल की महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि वह एमपी नगर जोन-2 में अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने नशे की खेप बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही थी। पूछताछ में उसने अपने साथी का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक महिला की पहचान श्रद्धा चौकीकर (38) के रूप में हुई है। वह छिंदवाड़ा की रेलवे कॉलोनी की रहने वाली है और फिलहाल भोपाल में रहती है। वह करीब 10 साल से भोपाल में है।

क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने एमपी नगर जोन-2 की उस शराब दुकान के सामने घेराबंदी की। दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में महिला को पकड़ा गया। महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में तलाशी ली गई तो उसकी जैकेट की जेब में पारदर्शी पन्नी मिली, जिसमें सफेद क्रिस्टल जैसा पदार्थ था। पन्नी समेत तौलने पर उसका वजन 14.19 ग्राम निकला। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत इसे जब्त कर सीलबंद कर दिया। जब्त एमडी की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में श्रद्धा ने बताया कि शौक और हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल के चलते उसे नशे की आदत लग गई थी। उसने बताया कि वह दो दिन पहले अपने साथी राजेंद्र राय के साथ उत्तर प्रदेश गई थी और वहां से दोनों एमडी लेकर भोपाल आए।

महिला से मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच ने साकेत नगर में रीगल होटल के पास दबिश दी और राजेंद्र राय (37) को गिरफ्तार किया। वह उमरिया जिले के नरोजाबाद का रहने वाला है। पुलिस अब दोनों से एमडी की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने बताया कि श्रद्धा बीई पास है, जबकि राजेंद्र राय ने बी-फार्मा किया है। दोनों के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत केस दर्ज किया गया है।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजकिशोर मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक अनिल तिवारी और चंद्रमोहन मिश्रा शामिल रहे। इनके अलावा आरक्षक बृजमोहन व्यास, निलेश वर्मा, विजय सेंगर और रणधीर सिंह के साथ महिला आरक्षक मुस्कान लामा भी टीम में थे।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन