भिंड के दबोह में शराब के पैसे को लेकर युवक की हत्या, एक महिला समेत सात आरोपियों पर केस दर्ज
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
भिंड के दबोह में 25 साल के शैलेन्द्र परिहार की लाठी-डंडों से पिटाई के बाद ग्वालियर ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने सात लोगों पर हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
भिंड जिले के दबोह में शराब के लिए पैसे न देने पर हुए झगड़े ने एक 25 साल के युवक की जान ले ली। आरोप है कि बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात कुछ लोग युवक के घर पहुंचे और लाठी-डंडों से उस पर टूट पड़े। उसे बचाने आए परिवार के तीन और लोग भी मारपीट में घायल हो गए।
दबोह थाना प्रभारी रवि उपाध्याय ने बताया कि मृतक का नाम शैलेन्द्र परिहार उर्फ शीलू है। वह सरकारी आवास का रहने वाला था और कन्हई का बेटा था। पड़ोस में रहने वाला राजकुमार सविता शराब पीने के लिए उससे पैसे मांग रहा था। शैलेन्द्र ने पैसे देने से मना कर दिया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस के मुताबिक इसी रंजिश में राजकुमार सविता रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अपने 6 साथियों को लेकर शैलेन्द्र के घर पहुंचा।
वहां सभी ने मिलकर शैलेन्द्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर उसका भाई रविंद्र, मां सरमन और भाभी रामबती सविता बीच-बचाव के लिए आए, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। इस मारपीट में चारों घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से लहार के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया। ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही शैलेन्द्र ने दम तोड़ दिया।
गुरुवार को पुलिस ने शैलेन्द्र का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने राजकुमार सविता, देवेंद्र विश्वकर्मा, जितेंद्र विश्वकर्मा, उन्नी पंडित, प्रशांत सविता, पवन सविता और आशा सविता के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया है। सातों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।