गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

भिंड हाईवे का टेंडर रद्द, पूर्व सैनिकों ने 14 दिसंबर से टोल न देने की चेतावनी दी

सरकारी दफ्तर के बाहर कई पुरुष काउंटर पर कागजात जमा कर रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
PT24 इंदौर टीम

ग्वालियर-भिंड राष्ट्रीय राजमार्ग-719 का टेंडर निरस्त होने से नाराज पूर्व सैनिकों ने ग्वालियर में NHAI अधिकारियों को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि ठोस पहल न हुई तो 14 दिसंबर से टोल नहीं देंगे।

ग्वालियर-भिंड राष्ट्रीय राजमार्ग-719 के निर्माण का टेंडर निरस्त हो गया है। इसके बाद लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को भूतपूर्व सैनिक और समाजसेवी ग्वालियर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के पास पहुंचे। उन्होंने हाईवे बनाने की मांग को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन देने वालों ने साफ चेतावनी दी कि अगर निर्माण को लेकर ठोस पहल नहीं हुई तो वे 14 दिसंबर से टोल टैक्स नहीं देंगे।

पूर्व सैनिक संत कालीदास महाराज की अगुवाई में पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि हाईवे का निर्माण आखिर कब शुरू होगा। उनका कहना था कि संत समाज को निर्माण शुरू कराने के लिए लिखित पत्र दिया गया था, तो अब टेंडर निरस्त होने की नौबत क्यों आई। इन सवालों के जवाब अधिकारियों से मांगे गए, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिली।

वरिष्ठ पूर्व सैनिक और वार्ड-19 के पार्षद बलबीर सिंह तोमर ने कहा कि हाईवे पर लगातार हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है। ऐसे में अपनों की मौत का टोल टैक्स देना किसी भी कीमत पर मंजूर नहीं है।

वीर सैनिक कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामअवतार सिंह परमार ने कहा कि 14 दिसंबर से सभी समाजसेवी और भूतपूर्व सैनिक टोल टैक्स नहीं देंगे। उनके मुताबिक इस दौरान अगर टकराव की स्थिति बनती है तो उसकी जिम्मेदारी हाईवे अथॉरिटी और सरकार की होगी।

परमार ने यह भी कहा कि संत समाज और भिंड की जनता के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा। जब तक हाईवे निर्माण की मांग पूरी नहीं होती, संत कालीदास महाराज के नेतृत्व में संघर्ष जारी रहेगा।

ज्ञापन सौंपते समय कैप्टन अर्जुन यादव, कैप्टन जेएस भदौरिया, प्रमोद राजावत, शिवप्रताप सिंह गुर्जर, कृष्ण सिंह जादौन, सूबेदार उत्तम सिंह मावई, विश्वनाथ सिंह भदौरिया और कैप्टन नरेंद्र सिंह गुर्जर समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और समाजसेवी मौजूद रहे।

#इंदौर#PT24#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन