सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

आलीराजपुर: ज़मीन बचाने के लिए सीएम से मिलने पैदल जाएंगे आदिवासी, महेश पटेल ने की घोषणा

धूप में पेड़ों के बीच मिट्टी का गांव, कच्चे घर और खड़ी मोटरसाइकिलें तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सियासत PT24 राजनीति डेस्क

आलीराजपुर में प्रस्तावित खनिज ब्लॉकों के विरोध में ग्रामीण मुख्यमंत्री से मिलने पैदल मार्च करेंगे। महेश पटेल ने कहा कि लिखित आदेश मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

आलीराजपुर जिले में प्रस्तावित खनिज ब्लॉकों और आदिवासियों की ज़मीन लेने के मुद्दे पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए पैदल मार्च करने का फैसला किया है। शनिवार को जोबट तहसील के सेमलाया गांव में हुई सभा में आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश पटेल ने इसकी घोषणा की।

पटेल ने कहा कि गुड़ा और आसपास के 8 से 10 गांवों के हज़ारों ग्रामीण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने पैदल जाएंगे। उनके मुताबिक मार्च में महिलाएं, युवा और बुज़ुर्ग भी शामिल होंगे। सभा में ग्रामीणों ने कहा कि वे अपनी पुश्तैनी ज़मीन नहीं देंगे।

पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आश्वासन दिया था कि आदिवासियों की सहमति के बिना उनकी ज़मीन नहीं ली जाएगी। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने दो पत्र जारी किए। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद ये पत्र किसके निर्देश पर जारी किए गए। पटेल ने दोनों पत्र रद्द करने और खनन प्रक्रिया खत्म करने का लिखित आदेश जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक लिखित आदेश नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।

सभा में पटेल ने फोटो दिखाकर नागरसिंह चौहान, माधो डावर और विशाल रावत को 'तीन बंदर' कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान नकली धरना-प्रदर्शन करके जनता को गुमराह किया गया।

पटेल ने विश्व आदिवासी दिवस पर 9 अगस्त को मुख्यमंत्री के दिए बयान पर भी नाराज़गी जताई। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री आदिवासी समाज के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। इसके अलावा सोंडवा में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगाने की अनुमति नहीं मिलने पर उन्होंने प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए।

सभा में कालू मेड़ा, अरविंद डावर, सोनू वर्मा, लक्की राठौर और चंदर सिंह चौहान सहित कई ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद रहे।

#इंदौर#सियासत#PT24#Politics#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन