Vivo ने उतारा X Fold6: 6900mAh बैटरी और Jovi AI एजेंट के साथ नया फोल्डेबल फोन
Vivo ने अपना नया फोल्डेबल फोन X Fold6 लॉन्च किया है। इसमें 6900mAh की बैटरी, 8.02 इंच का अंदरूनी डिस्प्ले और 200MP कैमरा है।
Vivo ने अपना नया फोल्ड फोन X Fold 6 लॉन्च कर दिया है। कंपनी का कहना है कि यह फोन सिर्फ फोल्ड नहीं होता, इसमें ऐसे फीचर्स हैं जो अब तक किसी कंपनी ने नहीं दिए। यह फोन उन लोगों के लिए है जो हमेशा सफर में रहते हैं या काम में बिजी रहते हैं, यानी बिजनेस करने वालों के लिए एकदम परफेक्ट है।
फोन Prism Blac और Horizon Blue, दो रंगों में मिलता है। ब्लैक वाला फोन खोलने पर उसकी मोटाई 4.4mm रह जाती है और वजन सिर्फ 228 ग्राम है। ब्लू रंग का फोन ब्लैक वाले से थोड़ा मोटा, यानी 4.8mm का है, और उसका वजन 235 ग्राम है। फोल्ड फोन में इतना पतला डिजाइन मिलना बड़ी बात है।
बैटरी की बात करें तो इसमें 6900mAh की बड़ी बैटरी है। Vivo का इतनी बड़ी बैटरी वाला यह पहला फोल्ड फोन है। कंपनी ने सिलिकॉन तकनीक इस्तेमाल की है, इसलिए पतली बॉडी में भी बड़ी बैटरी समा गई। यह बैटरी 20 डिग्री की ठंड में भी चलती है। चार्जिंग के लिए 80W वायर्ड और 40W वायरलेस चार्जिंग दी गई है। वायरलेस चार्जिंग से एक फोन से दूसरा फोन भी चार्ज किया जा सकता है।
फोन खोलने पर अंदर 8.02 इंच का बड़ा डिस्प्ले मिलता है और बाहर 6.51 इंच का डिस्प्ले है। दोनों डिस्प्ले 1Hz से 120Hz तक अपने आप बदलते हैं और ब्राइटनेस 5000 निट्स तक जाती है, तो धूप में भी साफ दिखेगा। प्रोसेसर MediaTek का Dimensity 9500 Super Edition है, जिसे Vivo ने MediaTek के साथ मिलकर खास X Fold 6 के लिए बनाया है। इसलिए फोन काफी फास्ट चलेगा।
सॉफ्टवेयर में कंपनी ने OriginOS 7 Fold नाम का नया सिस्टम दिया है। इसमें एक साथ 4 विंडो खोलकर काम कर सकते हैं और एक App से दूसरे App में फोटो या जानकारी ड्रैग करके डाल सकते हैं। AI मीटिंग असिस्टेंट मीटिंग में कौन क्या बोला, यह लिख लेता है और आखिर में सारांश भी बना देता है। वीडियो कॉल में लाइव सबटाइटल आते हैं। फाइलों को नाम देना और उनका सारांश बनाना भी AI करता है, और PDF को ई-बुक की तरह पढ़ने में आसान बना देता है।
फोन को मॉनिटर से जोड़ने पर वह डेस्कटॉप की तरह काम करेगा। इसमें Jovi नाम का AI एजेंट है, जो बोलकर दिए गए कामों को करता है।
कैमरा 200MP का है, यानी मेन कैमरा 200 मेगापिक्सल का है। साथ में 3x पेरिस्कोप जूम है जो 100x तक जूम करता है। मैक्रो फोटो भी इसी से खिंच जाते हैं। फोटो प्रोसेस करने के लिए Vivo की V3+ चिप है। मोशन पोर्ट्रेट 2.0 से दौड़ते बच्चों या कुत्ते-बिल्ली की फोटो साफ आती है। कॉन्सर्ट के लिए स्टेज मोड है और 4K वीडियो 60fps पर Dolby Vision में रिकॉर्ड होता है।
एक और खास फीचर यह है कि पीछे के कैमरे से वीडियो बनाते समय आगे की छोटी स्क्रीन पर टेलिप्रॉम्प्टर दिखाया जा सकता है। छोटे बच्चों के लिए स्क्रीन पर कार्टून चला सकते हैं, ताकि वे कैमरे की तरफ देखें। फोन को IPX8, IPX9 और IP5X रेटिंग मिली है, यानी पानी और धूल से सुरक्षा है। कंपनी का कहना है कि जम जाने पर भी फोन खराब नहीं होता। सिग्नल के लिए 1+4 चिपसेट है और 129 देशों में सिम बदले बिना लोकल डेटा प्लान लिया जा सकता है। कुल मिलाकर Vivo X Fold 6 सिर्फ फोन नहीं, लैपटॉप, कैमरा और पावरबैंक सब एक साथ है।