वर्धा में गणेश विसर्जन के दौरान विदेशी शराब का बड़ा जखीरा जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
वर्धा उपविभागीय पुलिस अधिकारी कार्यालय की टीम ने बच्छराज जैन ट्रैवल्स पॉइंट पर सप्लाई पकड़ी
वर्धा के उपविभागीय पुलिस अधिकारी कार्यालय को 21 सितंबर 2026 को मुखबिर से पक्की खबर मिली थी कि गणेशनगर वर्धा का रहने वाला सागर मौर्य नाम का शख्स अपने साथियों के साथ नागपुर जिले से विदेशी शराब और बीयर की बड़ी खेप लेकर वसंत टॉकीज के पास ट्रैवल्स पॉइंट पर पहुंचने वाला है।
इस सूचना पर पुलिस स्टाफ और पंचों को साथ लेकर बच्छराज जैन ट्रैवल्स पॉइंट वर्धा पर सप्लाई का इंतजार करते हुए जाल बिछाया गया। इसी दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनकी पहचान 29 साल के सागर राजेंद्र मौर्य के रूप में हुई, जो मूल रूप से भगवान नगर नागपुर का रहने वाला है और फिलहाल गणेश नगर बोरगांव मेघे वर्धा में रह रहा था। दूसरा शख्स 26 साल का अभिनव नरेंद्र सहारे बताया गया, जो स्टेशनफैल तहसील वर्धा के बड़े कुएं के पास वाले इलाके का रहने वाला है।
दोनों के पास मिली दो बड़ी बैग और दो कपड़े की थैलियों की तलाशी लेने पर पुलिस को भारी मात्रा में विदेशी शराब मिली। इसमें ऑफिसर चॉइस कंपनी की 180 एमएल की भरी हुई 36 बोतलें, ऑफिसर चॉइस ब्लू कंपनी की 180 एमएल की 60 सीलबंद बोतलें, मैजिक मूमेंट जामुन कंपनी की 180 एमएल की 25 सीलबंद बोतलें, रॉयल स्टैग कंपनी की 180 एमएल की 70 सीलबंद बोतलें, सह्याद्री गोल्ड कंपनी की 180 एमएल की 10 सीलबंद बोतलें, ग्रैंड मास्टर मिलन कंपनी की 180 एमएल की 24 बोतलें, मास्टर डि लाइट कंपनी की 180 एमएल की 7 बोतलें और रॉयल चैलेंज कंपनी की 180 एमएल की 5 सीलबंद बोतलें बरामद हुईं। इसके अलावा कासबर्ग कंपनी के 500 एमएल के 24 सीलबंद टिन कैन, टूबोर्ग कंपनी के 500 एमएल के 42 सीलबंद कैन और बडवाइजर कंपनी के 500 एमएल के 18 सीलबंद कैन भी जब्त किए गए। पूरी बरामद शराब की कुल कीमत एक लाख बीस हजार एक सौ रुपये बताई गई है, जिसे पंचनामे के मुताबिक अवैध रूप से रखा हुआ मानते हुए जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह विदेशी शराब उन्होंने सीताबर्डी नागपुर स्थित रतूल वाइन शॉप के मैनेजर से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस स्टेशन वर्धा शहर में तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और धारा 65(ई), 77(ए), 83 मदाका के तहत गुनाह दाखिल हुआ। आगे की जांच पुलिस स्टेशन वर्धा शहर कर रहा है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभकुमार अग्रवाल और अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे वर्धा के मार्गदर्शन में उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील महाडिक वर्धा के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई में पुलिस उपनिरीक्षक परवेझ खान के साथ पुलिस स्टाफ गजानन लामसे, संजय बोगा, अरविंद घुगे, पवन निलेकर, समीर शेख और रविकिरण मून शामिल रहे।