तुली इंटरनेशनल में आधी रात चल रही थी 'शहर गुलाबी'
सदर पुलिस का छापा, पार्टी में चल रहा था हुक्का, कमरों में मिले नाबालिग, होटल मालिक समेत 4 पर मामला दर्ज
नागपुर में सदर थाना परिसर की होटल तुली इंटरनेशनल में सोमवार की रात चल रही पार्टी पर सदर पुलिस ने छापा मारकर हड़कंप मचा दिया. 'शहर गुलाबी' नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में नाबालिगों को हुक्का परोसा जा रहा था. पुलिस ने होटल संचालक, मैनेजर और दो इवेंट आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
सदर स्थित होटल तुली इंटरनेशनल में 27 सितंबर को 'शहर गुलाबी' नाम से पार्टी का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम का वक्त शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक रखा गया था. पुलिस को सूचना मिली थी कि कार्यक्रम के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई है. होटल के कमरों में युवाओं को हुक्का भी उपलब्ध कराया जा रहा है. इस सूचना के आधार पर सदर पुलिस ने होटल पर दबिस दी. पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान होटल की चौथी मंजिल के कमरों में कई नाबालिग लड़के-लड़कियां हु्क्का का सेवन करते हुए मिले. पुलिस ने हुक्का पॉट और अन्य सामान बरामद किया. हुक्का के लिए इस्तेमाल कमरों का रजीस्ट्रेशन भी नहीं किया गया था. इस मामले में सदर पुलिस ने होटल संचालक, मैनेजर फिरोज, इवेंट आयोजक आबिद शफीक काजी तथा अलीशा चेरी के खिलाफ कोप्टा के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है.
सूत्रों के अनुसार होटल तुली इंटरनेशन में हर सप्ताह इस तरह की पार्टी आयोजित की जाती है. जिसमें बड़ी संख्या में युवक-युवतियों के साथ नाबालिग भी शामिल होते है. सच्चाई छूपाने के मंशा से इसकी पुलिस से अनुमति भी नहीं ली जाती है. इस वजह से 'सबकुछ' संचालित होता है. शहर की अन्य होटल में भी यही अवस्था है. कई स्थानों पर तो पार्टी में नशे का भी इस्तेमाल होता है.