मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
18:00 IST

ट्रेन के एसी डिब्बे से 22.440 किलो गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

रेलवे सुरक्षा बल की सीआईबी टीम ने पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस से दो आरोपियों को गांजे के साथ पकड़ा।

ट्रेन के एसी डिब्बे से 22.440 किलो गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर; यह घटना का वास्तविक फोटो नहीं है | PT24

नागपुर की रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी सीआईबी टीम ने एसी कोच में बैठकर गांजा तस्करी करने की फिराक में निकले दो आरोपियों को धर दबोचा। दोनों आरोपियों के पास से कुल 22.440 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 11.22 लाख रुपए आंकी गई है।

पकड़े गए आरोपियों के नाम आफिर साधू मलिक (22) और टुकुना सोसाइड तनती (23) बताए गए हैं। आफिर मलिक ओडिशा के गजपति जिले का रहने वाला है।

दरअसल सीआईबी नागपुर को पहले से ही खबर मिल चुकी थी कि ट्रेन नंबर 12843 पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी कोच बी-5 और बी-6 में दो पैसेंजर भारी मात्रा में गांजा लेकर सफर कर रहे हैं। इस सूचना पर सीआईबी की एक स्पेशल टीम उसी ट्रेन में सवार हो गई और सिंदी-वर्धा सेक्शन के बीच निगरानी करते हुए जांच शुरू कर दी।

जांच में पता चला कि बी-5 कोच की बर्थ नंबर 19 पर बैठा आफिर साधू मलिक और बी-6 कोच की बर्थ नंबर 16 पर बैठा टुकुना तनती दोनों की हरकतें कुछ अजीब सी लग रही थीं। टीम ने जब दोनों से उनके सामान के बारे में पूछताछ की तो दोनों घबरा गए और सामान के बारे में कोई ठीक-ठाक जवाब नहीं दे पाए।

शक गहराने पर दोनों को उनके सामान के साथ वर्धा रेलवे स्टेशन पर उतार लिया गया। इसके बाद उनके ट्रॉली बैग खंगाले गए तो आफिर मलिक के बैग से 8.150 किलो और टुकुना तनती के बैग से 14.290 किलो गांजा निकला।

सीआईबी टीम ने दोनों आरोपियों से कुल 22.440 किलो गांजा, दो ट्रॉली बैग और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपियों और जब्त माल को लोहमार्ग पुलिस के हवाले कर दिया गया।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस की नजर अब ट्रेनों के रास्ते चलने वाले नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क पर भी टिक गई है। लोहमार्ग पुलिस फिलहाल आरोपियों से यह पूछताछ कर रही है कि गांजे की यह खेप कहां से आई थी और आखिर इसे कहां पहुंचाना था।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे