ठाणे में गश्त कर रहे PSI पर आरोपी का हमला, ईंट मारकर हत्या, गिरफ्तारी
चितळसर पुलिस स्टेशन के PSI किसन भोईर की गस्त के दौरान सिर में ईंट मारकर हत्या, आरोपी राजू वाल्मिकी गिरफ्तार।
ठाणे शहर से एक बेहद दहला देने वाली खबर सामने आई है। गस्त पर तैनात एक पुलिस उपनिरीक्षक की, एक रेकॉर्डेड गुंडे ने बेरहमी से हत्या कर दी। मरने वाले पुलिस अफसर का नाम किसन भोईर है, उनकी उम्र 56 साल थी और वे चितळसर पुलिस स्टेशन में तैनात थे। इस मामले में पुलिस ने राजू वाल्मिकी नाम के 30 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात से ठाणे पुलिस फोर्स और पूरे इलाके में सन्नाटा छा गया है।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार रात करीब 11.15 बजे PSI किसन भोईर अपने साथियों के साथ पीसीआर वैन से पोखरण रोड नंबर 2 इलाके के सुभाषनगर में गश्त लगा रहे थे। इसी दौरान देर रात तक खुली एक पानठेले पर लोगों की भीड़ जमा देखकर भोईर ने वह ठेला बंद करने को कहा।
उसी वक्त आरोपी राजू वाल्मिकी वहां शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। पुलिस ने उसे शांत होकर वहां से चले जाने को कहा, तो उसने पुलिस से बहस शुरू कर दी। स्थिति काबू में करने के लिए पुलिस ने उसे गाड़ी में बिठाने की कोशिश की, लेकिन उसने जोरदार विरोध करते हुए धक्का-मुक्की की।
इसके बाद आरोपी ने भोईर को जोर से धक्का देकर वहां से भागने की कोशिश की। आरोपी के भागते ही PSI किसन भोईर उसके पीछे दौड़े। इसी मौके का फायदा उठाते हुए गुस्से में आए राजू वाल्मिकी ने सड़क से एक सीमेंट की ईंट उठाई और सीधे उनके सिर पर दे मारी। इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल किसन भोईर वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़े।
घटना की खबर मिलते ही बाकी पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी राजू वाल्मिकी को घटनास्थल पर ही पकड़ लिया। गंभीर हालत में PSI किसन भोईर को नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, मगर इलाज शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में चितळसर पुलिस स्टेशन में आरोपी राजू वाल्मिकी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। किसन भोईर गणपति बंदोबस्त के चलते रात की ड्यूटी पर तैनात थे, तभी उन पर यह जानलेवा हमला हुआ। ड्यूटी के दौरान एक पुलिस अफसर की इस तरह जान जाने से पुलिस महकमे में गम का माहौल है।