सोलापुर ग्रामीण पुलिस ने ठाकरे गुट के उपनेता शरद कोळी पर लगाया MPDA, येरवडा जेल भेजे गए
उद्धव ठाकरे की शिवसेना के उपनेता शरद विठ्ठल कोळी पर सोलापुर ग्रामीण पुलिस ने MPDA कानून के तहत कार्रवाई की है। कोळी की उम्र 37 साल है और वे सोलापुर जिले की मोहोळ तहसील के अर्धनारी गांव के रहने वाले हैं। उन्हें एक साल के लिए पुणे की येरवडा सेंट्रल जेल में निरुद्ध किया गया है।
कोळी को सत्ताधारी पक्ष के नेताओं की ओर से उद्धव ठाकरे और उनकी पार्टी पर टीका-टिप्पणी होने के बाद आक्रामक भाषा में जवाब देने वाले नेता के तौर पर जाना जाता है।
कुछ दिन पहले एक मामले में फरार रहने के दौरान कोळी को पुलिस ने सांगली से हिरासत में लिया था। इसके बाद सोलापुर के जिलाधिकारी और जिला दंडाधिकारी के आदेश क्रमांक 2026/डी.सी.बी/2/आरआर/4761(1)/2026, दिनांक 17/09/2026, के तहत निरोध की कार्रवाई तय की गई।
रविवार, 4 अक्टूबर को पंढरपुर उपजिला अस्पताल में कोळी की नियमानुसार मेडिकल जांच हुई। उसके बाद कड़े पुलिस बंदोबस्त में उन्हें येरवडा सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
पंढरपुर तालुका पुलिस स्टेशन की दी हुई जानकारी के मुताबिक, कोळी पर सोलापुर और आसपास के इलाके में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें रेत की चोरी और तस्करी, व्यापारियों और नागरिकों से रंगदारी मांगना, और सार्वजनिक जगहों पर भड़काऊ भाषण देकर कानून-व्यवस्था का सवाल खड़ा करना शामिल है।
पुलिस ने इन सब कामों को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र झोपड़पट्टी दादा, हाथभट्टी वाले, औषधि द्रव्य संबंधी अपराधी, खतरनाक व्यक्ति, दृश्य-श्रव्य कलाकृति का बिना अनुमति प्रदर्शन करने वाले व्यक्ति, रेत तस्कर और आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वाले, गैरकानूनी साहूकार, गैरकानूनी लॉटरी चलाने वाले और मानव अपहरण करने वालों की विघातक कृत्यों को रोकने संबंधी अधिनियम 1981 (संशोधन 1996, 2009, 2015 और 2025) की धारा 3(1) के तहत यह कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर हुई है। पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी, अपर पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कट्टे और सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशांत डगळे के मार्गदर्शन में पंढरपुर तालुका के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुरेश जिल्लावार ने इसे अंजाम दिया।
स्थानीय चुनावों की पृष्ठभूमि में ठाकरे की शिवसेना के एक नेता पर सीधे एक साल के निरोध की कार्रवाई होने से सोलापुर जिले के राजनीतिक हलकों में भारी हलचल मच गई है।