सेक्सटॉर्शन और 23.61 लाख की वसूली केस: महिला क्रिकेटर समेत तीन आरोपी, 1500 पन्नों की चार्जशीट दाखल
जम्मू-कश्मीर की महिला क्रिकेटर और उसके दो साथियों पर कोलाबा के एक व्यापारी को धमकाकर लाखों रुपये ऐंठने का आरोप, मुंबई पुलिस ने केस में 1500 पन्नों की चार्जशीट फाइल की।
जम्मू-कश्मीर की महिला क्रिकेटर फरखंदा खान (30), उसके भाई बाजिल खान (27) और उनके साथी उद्दीन इम्तियाज वानी (22) पर सेक्सटॉर्शन और जबरन वसूली का आरोप लगा है। आरोप है कि तीनों ने मिलकर कोलाबा के एक व्यापारी से 23.61 लाख रुपये ऐंठ लिए। मुंबई पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लंबी जांच के बाद अब 1,500 पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने व्यापारी को धमकी दी थी कि अगर पैसे नहीं दिए तो उसकी प्राइवेट चैट्स सबके सामने कर दी जाएंगी और उसके परिवार को भी नुकसान पहुंचाया जाएगा। इसी धमकी के दम पर व्यापारी से बार-बार पैसे वसूले गए।
पुलिस की जांच के मुताबिक व्यापारी और फरखंदा खान की पहचान 2023 में सोशल मीडिया पर हुई थी, जिसके बाद दोनों व्हॉट्सऐप और दूसरे माध्यमों से बातचीत करने लगे। आरोप है कि 2024 की शुरुआत में आरोपियों ने व्यापारी को धमकाकर पहले उससे 20 हजार रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए। इसके बाद लैंगिक उत्पीड़न और गिरफ्तारी की धमकी देकर व्यापारी से कुल 32 बार ऑनलाइन पैसे वसूले गए, जिसकी कुल रकम 23.61 लाख रुपये बताई जा रही है।
चार्जशीट में आरोप है कि यह पूरी रकम सबसे पहले फरखंदा खान के बैंक खाते में जमा हुई। पुलिस का कहना है कि इस रकम का एक हिस्सा परिवार के दूसरे बैंक खातों में भी ट्रांसफर किया गया। आरोप है कि इन्हीं पैसों से घर के लिए सेकंड हैंड लग्जरी कार खरीदी गई और घर के एक कमरे की मरम्मत भी इसी रकम से करवाई गई।
पुलिस के मुताबिक फरखंदा खान को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जब वह काहिरा होते हुए साइप्रस वापस लौट रही थी। उसे नई दिल्ली में गिरफ्तार किया गया और उसके पास से आईफ़ोन के साथ पेन ड्राइव और कुछ और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए। इनमें मिली चैट्स की फॉरेंसिक जांच अभी चल रही है। इससे पहले भाई बाजिल और साथी वानी को दिल्ली के एक होटल से पकड़ा गया था, जहां आरोपी महिला क्रिकेटर और उसका भाई ठहरे हुए थे। वहीं तीसरे साथी वानी को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से हिरासत में लिया गया था।
पुलिस के मुताबिक इस केस में भाई बाजिल और साथी वानी को कुछ शर्तों के साथ जमानत मिल चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी फरखंदा खान की जमानत अर्जी कोर्ट ने खारिज कर दी है।