महादेव सट्टा रैकेट पर सीबीआई का नागपुर में बड़ा प्रहार!
रविनगर में बुकी के घर छापा, जरीपटका के सटोरिए भी रडार पर, सौरभ चंद्राकर के नेटवर्क से जुड़े कई बुकी जांच के घेरे में, हवाला ऑपरेटरों से भी जुड़े हैं तार, जल्द हो सकती है बड़ी कार्रवाई
नागपुर.
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के सरगना सौरभ चंद्राकर के साम्राज्य पर केंद्रीय जांच एजेंसियों का शिकंजा कसते ही उसकी आंच उपराजधानी नागपुर तक पहुंच गई है. देशभर में क्रिकेट सट्टेबाजी के नेटवर्क को खंगाल रही सीबीआई ने शनिवार 14 नवंबर को रविनगर स्थित एक क्रिकेट बुकी के ठिकाने पर छापा मारकर खलबली मचा दी इस कार्रवाई के बाद नागपुर के क्रिकेट सट्टेबाजों में हड़कंप मचा हुआ है. जांच एजेंसी की रडार पर शहर के कई बड़े बुकी हैं. इनमें जरीपटका के कुछ चर्चित नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं. आने वाले दिनों में इनके खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई होने की संभावना है.
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को सीबीआई ने 1 नवंबर को ओमान से भारत लाया था. इसके बाद से ही देश-विदेश में फैले उसके नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और कारोबार से जुड़े लोगों की पड़ताल तेज कर दी गई है. 12 नवंबर को सीबीआई की हिरासत समाप्त होने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उसे मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार किया. फिलहाल वह रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत के आदेश पर 19 नवंबर तक ईडी की हिरासत में है.
नागपुर में बुकी और हवाला ऑपरेटरों का मजबूत नेटवर्क!
मूल रूप से रायपुर निवासी सौरभ चंद्राकर की नागपुर में भी गहरी पैठ थी. शहर के कई बड़े क्रिकेट बुकी उसके नेटवर्क से जुड़े हैं. इन लोगों के माध्यम से क्रिकेट के अलावा फुटबॉल और अन्य ऑनलाइन जुए के कारोबार का संचालन किया जाता था. इस पूरे नेटवर्क में सिर्फ क्रिकेट बुकी ही नहीं, बल्कि पूर्व नागपुर से अपना कारोबार संचालित करने वाले कुछ बड़े हवाला ऑपरेटरों के नाम भी सामने आ रहे हैं. इन्हीं हवाला कारोबारियों के माध्यम से सट्टेबाजी की करोड़ों की रकम इधर से उधर पहुंचाई जाती थी. इन्हें पुलिस का आश्रय हासिल है. इसीलिए कार्रवाई नहीं होती है. जांच एजेंसियां अब इस आर्थिक नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं.
रविनगर के बुकी के घर दबिश, पहले से ही था सतर्क
सीबीआई ने शनिवार को देशभर में 35 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की. इसी कार्रवाई के तहत नागपुर के रविनगर स्थित एक क्रिकेट बुकी के घर पर भी दबिश दी गई. बताया जाता है कि इस बुकी के माध्यम से महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप पर कई लोग दांव लगाते थे. हालांकि, जांच एजेंसियों की कार्रवाई की भनक पहले से लगने के कारण संबंधित बुकी सतर्क हो गया था. इसके चलते छापेमारी में जांच एजेंसी के हाथ अपेक्षाकृत कम दस्तावेज और अन्य सामग्री लगने की जानकारी सामने आई है. अब सीबीआई इस बुकी से जुड़े संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियां खंगाल रही है.
जरीपटका के बुकी भी जांच के घेरे में
नागपुर के क्रिकेट सट्टेबाजों ने पिछले कुछ वर्षों में अकूत संपत्ति अर्जित की है. इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर उनका नेटवर्क लंबे समय से जांच एजेंसियों की नजरों से बचता रहा है. अब सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद है. सीबीआई जरीपटका समेत शहर के दूसरे इलाकों में सक्रिय उन बुकी की जानकारी जुटा रही है, जिनके तार महादेव ऐप से जुड़े होने का संदेह है. क्रिकेट सट्टेबाजी के नाम पर 58 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े एक मामले की ईडी पहले ही जांच कर रही है. इस प्रकरण के सूत्रधार सोंटू जैन और उससे जुड़े बुकी और हवाला ऑपरेटर से पूछताछ जारी है. इसी दौरान सीबीआई की ताजा छापेमारी ने नागपुर के क्रिकेट सट्टेबाजी और हवाला नेटवर्क में बेचैनी बढ़ा दी है. अब जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि महादेव ऐप के जरिए चलने वाले करोड़ों के सट्टे का नागपुर में कितना बड़ा नेटवर्क सक्रिय था और इस खेल में शहर के किन-किन बड़े चेहरों की भूमिका रही है.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।