रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

समृद्धि महामार्ग पर बेकाबू कंटेनर का तांडव

जुर्म PT24 टीम

19 गाड़ियों को रौंदा, कारों के उड़े परखच्चे, 30 यात्री घायल

समृद्धि महामार्ग पर आधी रात को हुआ एक भीषण सड़क हादसा. टक्कर इतनी जबरदस्त कि देखते ही देखते सड़क पर कारों का ढेर लग गया. कहीं गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए, तो कहीं एक कार दूसरी कार के ऊपर चढ़ गई. चारों तरफ क्षतिग्रस्त वाहनों का मंजर और हादसे के बाद मची अफरा-तफरी. बुलढाणा जिले के ताड़ेगांव के पास मुंबई कॉरिडोर पर तेज रफ्तार कंटेनर ने आगे खड़ी गाड़ियों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस टक्कर के बाद 19 वाहन आपस में भिड़ गए. हादसे में 30 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है.

दरअसल, समृद्धि महामार्ग के मुंबई कॉरिडोर पर चैनल नंबर 322 के पास एक खाली सीमेंट ट्रक पलट गया था. रात करीब 1.30 बजे दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने का काम जारी था. इसके चलते मुंबई लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक भारी कंटेनर ने कतार में खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक के बाद एक 19 वाहन आपस में टकरा गए. इस भीषण भिड़ंत में 18 कारें और पुलिस का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. कई कारें बुरी तरह पिचक गईं, जबकि कुछ वाहन एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गए. हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों की मदद के लिए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.

राहत और बचाव कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही समृद्धि महामार्ग की एम्बुलेंस, एमएसएफ के जवान, सिंदखेडराजा और किनगाव राजा पुलिस तथा ग्रामीण अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई. उन्होंने घायलों को अस्पताल रवाना किया. 30 यात्रियों के घायल होने का पता चला है. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. समृद्धि महामार्ग पर पहले भी भीषण हादसे हुए है. इससे लोगों में दहशत मची हुई है. यदि तेज रफ्तार का सफर अगर सुरक्षा के इंतजामों से समझौता करे, तो मंजिल तक पहुंचने से पहले ही सफर हादसे में बदल सकता है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन