समृद्धि एक्सप्रेसवे पर फिल्मी स्टाइल में हुई लूट!
'महाराष्ट्र शासन' का बोर्ड लगाकर स्कोडा से ट्रक रोका,चालक-क्लीनर को पीटा; प्याज समेत ट्रक लूटकर फरार 4 आरोपी गिरफ्तार
समृद्धि एक्सप्रेसवे पर आधी रात फिल्मी स्टाइल लूट की वारदात से हड़कंप मच गया।
बुलढाणा के डोणगांव थाना क्षेत्र में चार आरोपियों ने स्कोडा कार से ट्रक को रोककर चालक और क्लीनर के साथ कथित तौर पर मारपीट की और प्याज से लदा ट्रक जबरन अपने कब्जे में लेकर फरार हो गए। हाईवे पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही समय में चारों आरोपियों को ट्रक और स्कोडा कार समेत हिरासत में ले लिया गया।
यह घटना 25 सितंबर की रात करीब 12.30 बजे समृद्धि एक्सप्रेसवे के किलोमीटर क्रमांक 269 के पास हुई। ट्रक क्रमांक CG 04 PP 9113 को स्कोडा सवार चार लोगों ने रोका। आरोप है कि आरोपियों ने चालक मिराज अहमद एजाज अहमद (28) और क्लीनर मोहम्मद टकी हसमत (22), दोनों निवासी उत्तर प्रदेश, से मारपीट की और ट्रक में लदा प्याज समेत पूरा ट्रक लेकर फरार हो गए। ट्रक नासिक से प्याज लेकर
आरोपियों ने अपनी स्कोडा कार पर 'महाराष्ट्र शासन' लिखा बोर्ड लगा रखा था। पुलिस के अनुसार, इसी बोर्ड का इस्तेमाल खुद को सरकारी अधिकारी बताकर ट्रक रोकने और रौब जमाने के लिए किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मलकापुर महामार्ग पुलिस का रात्रि ड्यूटी स्टाफ सक्रिय हो गया। ट्रक की डिवाइस से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि करीब 10 मिनट पहले अमानी टोल प्लाजा, वाशिम की टीम ने इसी ट्रक पर नो-पार्किंग की कार्रवाई की थी। पुलिस ने अमानी टोल प्लाजा के PSI सरनाईक से संपर्क कर जानकारी जुटाई और समन्वय के बाद ट्रक व स्कोडा कार को रोककर चारों संदिग्धों को पकड़ लिया।
डोणगांव पुलिस थाने में रॉबरी का मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पानसरे (29), विश्वजीत ठोमसे (30), तेजस ठोमसे (20), सभी निवासी नासिक, तथा वासुदेव दास (32), निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। इनमें गौरव, विश्वजीत और वासुदेव व्यापारी बताए गए हैं, जबकि तेजस ड्राइवर है।
पुलिस अब वारदात के पीछे की पूरी साजिश और 'महाराष्ट्र शासन' बोर्ड के इस्तेमाल की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इससे पहले इस तरह की अन्य कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
समृद्धि एक्सप्रेसवे पर फिल्मी लूट! स्कोडा से ट्रक रोका,
चालक-क्लीनर को पीटा और प्याज समेत ट्रक ले उड़े
'महाराष्ट्र शासन' बोर्ड का खेल! सरकारी अधिकारी बनकर ट्रक रोकने का आरोप,
हाईवे पुलिस ने 4 आरोपियों को दबोचा।
10 मिनट पुरानी लोकेशन बनी सुराग!
टोल प्लाजा की जानकारी से पुलिस ने ट्रक-स्कोडा समेत चारों को पकड़ा।