पिज्जा के पार्सल पर खूनी झगड़ा
डिलीवरी बॉय ने साथी को चाकू घोंपा, ऑर्डर की अदलाबदली बनी हमले की वजह, खरबी चौक पर वारदात
नागपुर.
ऑनलाइन पिज्जा डिलीवरी के एक पार्सल की अदलाबदली ने ऐसा तूल पकड़ा कि मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. गुस्से में तमतमाए एक डिलीवरी बॉय ने अपने ही साथी पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. यह वारदात नंदनवन थाने के तहत खरबी चौक में हई. पुलिस ने आरोपी 20 वर्षीय साहिल गजानन गवली के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार साहिल और 27 वर्षीय राहुल देवराव सावरकर खरबी चौक स्थित डॉमिनोज पिज्जा सेंटर में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते हैं. 13 नवंबर की रात राहुल को पिज्जा डिलीवरी का ऑर्डर मिला था. वह पार्सल लेकर ग्राहक तक पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान दोनों के पिज्जा पार्सल की अदलाबदली हो गई. राहुल का ऑर्डर साहिल के पास पहुंच गया. राहुल ने साहिल से अपना पार्सल लौटाने को कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज तक पहुंच गई. साहिल ने गुस्से में चाकू निकालकर राहुल पर हमला कर दिया. उसने राहुल के कान पर चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया. हमले के बाद घायल राहुल को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया. उसका उपचार जारी है. मामूली से पिज्जा पार्सल के विवाद में साथी पर जानलेवा हमला होने से इलाके में चर्चा फैल गई. नंदनवन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।