पाकिस्तान की महिला टीम की प्रैक्टिस का अजीब वीडियो वायरल, आकाश चोपड़ा ने ली चुटकी
पाकिस्तान की अंडर 19 महिला टीम की प्रैक्टिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर हो रहा है, जिस पर आकाश चोपड़ा ने टिप्पणी की है।
पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम की प्रैक्टिस का एक अजीब और मजेदार वीडियो इन दिनों इंटरनेट पर खूब घूम रहा है। इस वीडियो को देखकर भारत के पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ट्रेनिंग के तरीकों पर टिप्पणी किए बिना नहीं रह सके।
पाकिस्तान की पुरुष टीम की अजीब मिलिट्री ट्रेनिंग और मैदान पर खराब फील्डिंग के किस्से पहले भी आते रहे हैं। कुछ समय पहले पुरुष टीम की प्रैक्टिस का भी एक अजीब वीडियो वायरल हुआ था। अब महिला टीम का ऐसा ही वीडियो सामने आया है और लोग उसे जमकर ट्रोल कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर शेयर हो रहे इस वीडियो में चार खिलाड़ी एक-दूसरे के हाथ और पैर पकड़कर एक अजीब इंसानी चेन बनाती दिख रही हैं। एक खिलाड़ी नीचे बैठी है, दूसरी हवा में लटकी हुई है और बाकी दो उसे सहारा दे रही हैं।
वीडियो देखने वाले फैंस पूछ रहे हैं कि इस तरह की एक्सरसाइज या सर्कस जैसे स्टंट का क्रिकेट की टाइमिंग, कैच या फिटनेस से क्या लेना-देना है। शुरू में खबर आई थी कि यह सीनियर महिला टीम की प्रैक्टिस है, लेकिन मिली जानकारी के मुताबिक यह नजारा पाकिस्तान की 19 साल से कम उम्र की महिला टीम के प्रैक्टिस सेशन का है।
सोशल मीडिया पर अपनी बेबाक राय के लिए जाने जाने वाले आकाश चोपड़ा ने इस वीडियो के जरिए पाकिस्तान क्रिकेट के नए प्रयोगों पर चुटकी ली। उन्होंने मजाक में कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट अब खेल से ज्यादा मजाक का मुद्दा बनता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की पुरुष टीम अपने अनोखे कैंप और फील्डिंग की प्रैक्टिस की वजह से पहले ही ट्रोल हो चुकी है, और अब लगता है कि महिला टीम ने भी वही राह पकड़ ली है।
आकाश चोपड़ा ने यह भी टिप्पणी की कि दुनिया चांद पर पहुंच गई है, लेकिन पाकिस्तान वहीं का वहीं अटका हुआ है। फैंस उनका यह वीडियो बड़े पैमाने पर शेयर कर रहे हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़े इन अजीब वीडियो की वजह से क्रिकेट एक्सपर्ट और फैंस को एक बार फिर मीम बनाने का भरपूर मौका मिल गया है।