नेहरू नगर जोन में 55 लाख के बकायेदार की संपत्ति कुर्क, 21 दिन में नीलामी की चेतावनी
नागपुर मनपा के नेहरू नगर जोन ने 55 लाख रुपये के बकायेदार की संपत्ति कुर्क की। सक्करदरा के व्यापारियों से 27 लाख के चेक भी मिले।
नागपुर मनपा ने बकाया वसूली के लिए जो अभियान शुरू किया था, उसमें जितनी कामयाबी चाहिए थी उतनी भले न मिली हो, लेकिन अभियान के आखिरी दिन भी कई जोन में कार्रवाई चलती रही। नेहरू नगर जोन में एक बकायेदार के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया और उसकी संपत्ति कुर्क कर ली गई।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त विकास रायबोले के मार्गदर्शन में टीम ने की। संपत्ति पर 55 लाख रुपये बकाया हैं। राजनीतिक दखलंदाजी के बावजूद कार्रवाई नहीं रुकी।
बुधवार को नेहरू नगर जोन के कर व कर निर्धारण विभाग ने प्रल्हाद बाबूराव पडोले की संपत्ति पर कार्रवाई की। संपत्ति पर 55 लाख रुपये का कर और अन्य शुल्क बकाया था। मनपा टीम ने मौके पर नापजोख की और जब्ती की कार्रवाई की। परिसर में रखी 5 से 7 अलमारियां, 1 सोफा सेट और दूसरा सामान जब्त किया गया।
बताया जाता है कि कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ स्तर के राजनेताओं ने अधिकारियों को फोन करके कार्रवाई से बचाने की कोशिश की। लेकिन अधिकारी टस से मस नहीं हुए और कार्रवाई पूरी की गई।
मनपा ने इस संपत्ति की खरीद-बिक्री, हस्तांतरण या गिरवी रखने पर पूरी कानूनी रोक लगा दी है। आम लोगों को सख्त हिदायत दी गई है कि इस संपत्ति से जुड़ा कोई भी पैसों का लेन-देन न करें। संपत्ति के मुख्य हिस्से में 10 बाय 4 फीट का आधिकारिक चेतावनी बोर्ड लगा दिया गया है। मनपा ने साफ कहा है कि अगर मालिक 21 दिनों के भीतर 55 लाख रुपये का बकाया संपत्ति कर नहीं भरता, तो संपत्ति की खुली नीलामी कर दी जाएगी।
कार्रवाई के दौरान बकायेदार का पुराना फर्जीवाड़ा भी सामने आ गया। पिछले 4 साल से जब भी मनपा इस संपत्ति की नीलामी का सार्वजनिक नोटिस निकालती थी, मालिक लिखित आवेदन देकर कहता था कि परिसर में कोई किरायेदार नहीं है। बुधवार को मौके पर ही मनपा अधिकारियों के हाथ 'रेंट एग्रीमेंट' और दूसरे पुख्ता सबूत लग गए।
उधर लगातार 2 दिनों की कार्रवाई में मनपा टीम को सक्करदरा इलाके के व्यापारियों से 27 लाख रुपये के चेक भी मिले। कर वसूली टीम ने सक्करदरा चौक पर 'आयुर्वेदिक कॉलेज पिल्लर दुकानदार संघ' के बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की थी। पुलिस प्रशासन की मध्यस्थता के बाद व्यापारी कर चुकाने को राजी हुए और रात 9 बजे तक मनपा को कुल 27 लाख रुपये के चेक सौंप दिए गए।
पूरी कार्रवाई सहायक आयुक्त विकास रायबोले के मार्गदर्शन और अधीक्षक शिंदे की अगुवाई में हुई। इसमें कर निरीक्षक सचिन मेश्राम, किसन बारे, सुधीर बोरकर और जोन के दूसरे कर्मचारी शामिल थे। मनपा प्रशासन ने सभी बकायेदारों को चेताया है कि बिना कोई बहाना बनाए अपना बकाया संपत्ति कर तुरंत जमा करें।