नौकरी से निकाला तो भड़का कर्मचारी!
आधी रात गैराज में लगाई आग, 20 बाइक जलकर खाक
नागपुर। कपिल नगर थाना क्षेत्र की बैंक कॉलोनी में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे एक गैराज में भीषण आग लग गई। आग में गैराज में खड़ी करीब 20 दोपहिया गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। घटना में गैराज और वाहनों को करीब 5 लाख रुपये का नुकसान होने की जानकारी है। आग की चपेट में आने से पास के एक क्लीनिक को भी करीब 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बैंक कॉलोनी में सतीश यादव का दिवेश होंडा सर्विस नाम से गैराज है। यहां राजू महेंद्रकर कर्मचारी के रूप में काम करता था। बताया जा रहा है कि शराब की लत के चलते करीब दो महीने पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।
आरोप है कि नौकरी से निकाले जाने से नाराज राजू शुक्रवार तड़के गैराज पहुंचा और कथित तौर पर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने गैराज में खड़ी दोपहिया गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास स्थित डॉ. विकास गिरी के क्लीनिक को भी नुकसान पहुंचा। क्लीनिक में करीब 2 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जांच के दौरान पुलिस को CCTV फुटेज मिला है। फुटेज में एक व्यक्ति गैराज के आसपास संदिग्ध गतिविधि करता हुआ नजर आ रहा है।
फिलहाल कपिल नगर पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्ध की तलाश कर रही है। आग लगाने के पीछे नौकरी से निकाले जाने की वजह थी या कोई अन्य कारण, इसकी पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी।