नंदनवन की लांजेवार टोली पर लगा मकोका
7 पर मामला दर्ज, पुलिस की मुखबिरी के संदेह में किया था जानलेवा हमला
नागपुर.
पुलिस के लिए मुखबिरी करने के संदेश में युवक पर जानलेवा हमला करनेवाले कुख्यात अपराधी सूरज लांजेवार सहित सात आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत कार्रवाई की गई है. आरोपियों में सूरज विलास लांजेवार (31) वंदना विलास लांजेवार (47) शास्त्री नगर, नंदनवन, प्रशांत दिनेश आखरे (26), हार्दिक मारोतराव पालांदुरकर (24), प्रदीप रामभाऊ आखरे (45) गरोबा मैदान, सागर शंकर मोहर्ले (36) शास्त्री नगर और किशोर उर्फ गोलू सुनील विश्वकर्मा (28) गायत्री अपार्टमेंट, अंबेडकर चौक शामिल है. अपराधी सूरज लांजेवार के भाई को पुलिस ने चोरी के एक प्रकरण में गिरफ्तार किया था. सूरज को संदेह था कि बजरंग नगर, जूना बगड़गंज निवासी 28 वर्षीय अक्षय बंडु वंजारी ने उसके भाई की पुलिस के पास मुखबिरी की है. उसकी मुखबिरी की वजह से ही उसके भाई को गिरफ्तार किया गया है. इस वजह से सूरज और उसके साथी अक्षय को ठिकाने लगाने के लिए खोज रहे थे. 25 अगस्त की रात सूरज उसकी मां और अन्य आरोपियों ने शास्त्री नगर की कुंभार टोली में अक्षय पर हमला कर दिया. आंख में मिर्ची पाउडर डालने के बाद धारदार हथियार से वार कर उसे गंभीर जख्मी कर दिया. नंदनवन पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था. इस प्रकरण में पुलिस ने मकोका के तहत कार्रवाई कर जांच आरंभ की है.