नागपुर रेलवे स्टेशन से छह साल के बच्चे का अपहरण, 24 घंटे में मिर्जापुर से आरोपी गिरफ्तार
नागपुर रेलवे स्टेशन से अगवा हुए बच्चे को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के सहारे महज एक दिन में सकुशल बरामद कर लिया, आरोपी को मिर्जापुर से गिरफ्तार किया गया।
नागपुर रेलवे स्टेशन से एक छह साल के बच्चे को अगवा करने वाले आरोपी को लोहमार्ग पुलिस ने सिर्फ 24 घंटे के अंदर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से पकड़ लिया। बच्चे को सही सलामत बरामद कर लिया गया है।
बच्चे के पिता मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। वे अपने तीन बच्चों के साथ काम की तलाश में हैदराबाद गए थे। वहां काम नहीं मिलने पर वे सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से वापस राजस्थान लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात आरोपी मिथुन कुमार पासवान से हुई, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। मिथुन ने कहा कि वह अपनी जान-पहचान की किसी कंपनी में उन्हें काम दिलवा देगा, और इसी बहाने वह उन्हें सिकंदराबाद से नागपुर लेकर आया।
रास्ते में नागपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकी हुई थी। इस दौरान बच्चों के लिए दवाई लेने पिता स्टेशन के बाहर गए। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी मिथुन पासवान छह साल के बच्चे को लेकर वहां से फरार हो गया।
मामला नागपुर लोहमार्ग पुलिस तक पहुंचते ही और बच्चे के अपहरण की शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर यह पता लगाया गया कि आरोपी किस दिशा में जाने वाली ट्रेन में सवार हुआ था। इसके बाद रास्ते में पड़ने वाले हर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच करते हुए एक टीम को बिहार की तरफ और दूसरी टीम को उत्तर प्रदेश की तरफ रवाना किया गया।
आखिरकार पता चला कि आरोपी अगवा किए गए बच्चे के साथ मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर उतरा था। इसके बाद तुरंत मिर्जापुर पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और अपहरण किए गए बच्चे को सुरक्षित छुड़ा लिया गया। पुलिस की इस फुर्ती की वजह से बच्चा आरोपी के चंगुल से सकुशल बच निकला, जिसकी हर तरफ तारीफ हो रही है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।