नागपुर में वाहन चोर गिरफ्तार, कार से करता था रेकी
चोरी की गाड़ियों का हुलिया बदलकर बदल देता था नंबर प्लेट, करीब 3 लाख का माल बरामद
नागपुर। पांचपावली पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कार से इलाके की रेकी करने के बाद दोपहिया वाहन चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों की डेंटिंग-पेंटिंग कर उनका हुलिया बदलने के साथ नंबर प्लेट भी बदल दी जाती थी, ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसीनगर निवासी 25 वर्षीय जीशान अब्दुल हबीब शेख के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पेट्रोलिंग के दौरान वैशाली नगर गार्डन के पास आरोपी एक दोपहिया वाहन पर जाता हुआ मिला। संदेह के आधार पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। बारीकी से पूछताछ करने पर उसने पांचपावली और शांतिनगर इलाके से दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूल की।
पुलिस जांच में सामने आया कि जीशान पहले कार से इलाके की रेकी करता था। इसके बाद मौका मिलते ही दोपहिया वाहन चोरी कर लेता था। चोरी किए गए वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उनकी डेंटिंग-पेंटिंग कर रंग और हुलिया बदला जाता था तथा नंबर प्लेट भी बदल दी जाती थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शराब पीने की लत है और इसी के लिए वह चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो दोपहिया वाहन और एक कार समेत करीब 3 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
फिलहाल पांचपावली पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में वाहन चोरी की कुछ और वारदातों का खुलासा हो सकता है।