मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
18:59 IST

नागपुर में शराब दुकान मालिक से लूट, पुलिस ने 24 घंटे में 2 नाबालिगों समेत 8 आरोपी पकड़े

गोकुलपेठ इलाके में कार रोककर वाइन शॉप संचालक से 3 लाख रुपये का माल लूटने वाले आरोपियों को क्राइम ब्रांच और अंबाझरी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और एआई की मदद से चंद घंटों में दबोच लिया।

नागपुर में शराब दुकान मालिक से लूट, पुलिस ने 24 घंटे में 2 नाबालिगों समेत 8 आरोपी पकड़े
एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर; यह घटना का वास्तविक फोटो नहीं है | PT24

नागपुर के गोकुलपेठ इलाके में दुकान बंद करके घर लौट रहे एक वाइन शॉप संचालक से 8 आरोपियों ने मिलकर 3 लाख रुपये का माल लूट लिया। इस वारदात से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अंबाझरी पुलिस स्टेशन के साथ क्राइम ब्रांच की टीमें भी तुरंत जांच में जुट गईं। आस-पास के 100 से ज्यादा जगहों की सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को आरोपियों का सुराग मिल गया।

इस मामले में पुलिस ने 2 नाबालिगों समेत कुल 8 आरोपियों को पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एकता कॉलोनी, यादवनगर निवासी परवेज प्यारे खान, धनंजय ताराचंद आवटे, आवेज खान लतीफ खान, मोहम्मद नदीम मोहम्मद इकबाल, मोहम्मद रोमान मोहम्मद इरफान शेख और सेमिनरी हिल्स निवासी मोहम्मद बिलाल ख्वाजा पाशा शामिल हैं। दो आरोपी नाबालिग होने की वजह से उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

डीसीपी क्राइम दीपक अग्रवाल ने बताया कि कॉफी हाउस चौक पर जोहरी वाइन शॉप के संचालक सागर जोहरी गुरुवार रात 11 बजे दुकान बंद करके अपनी कार एम.एच.31-ई.यू. 4009 से घर के लिए निकले थे। गोकुलपेठ कैनल रोड पर एक लाल रंग की कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक करके रास्ता रोक दिया। इसमें से 2 आरोपी उतरे, एक ने पिछली सीट की खिड़की का शीशा तोड़ दिया, जबकि दूसरा सागर से हाथापाई करने लगा। सागर किसी तरह अपनी कार से दूर हट गए।

इसी दौरान बाकी आरोपी दोपहिया वाहन पर वहां आ पहुंचे और गाड़ी को लातें मारने लगे। एक आरोपी ने चाकू निकालकर सागर को धमकाया। इसके बाद सभी आरोपी पिछली सीट पर रखा बैग लूटकर फरार हो गए, जिसमें 2.35 लाख रुपये नकद और एक लैपटॉप था, यानी कुल 3 लाख रुपये का माल। डीसीपी अग्रवाल ने बताया कि फरियादी ने पहले 4 लाख रुपये नकद होने की जानकारी दी थी, बाद में जांच में रकम 3 लाख 5 हजार रुपये होने का पता चला।

आरोपियों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की 4 अलग-अलग टीमें बनाई गईं, जिन्होंने गोकुलपेठ और आस-पास के 15 किलोमीटर के दायरे में लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज छानी। एआई तकनीक की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि जोहरी वाइन शॉप में काम करने वाला अनिकेत नाम का लड़का आरोपी बिलाल का दोस्त है और वह अक्सर दुकान के धंधे और वहां जमा होने वाली रकम के बारे में बिलाल से बातें करता था। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर लूट का पूरा माल बरामद कर लिया।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे