नागपुर में DRI की तीन दिन में दो कार्रवाई, तेंदुए की खाल और 1.05 करोड़ का एम्फेटामाइन जब्त
राजस्व खुफिया निदेशालय की नागपुर यूनिट ने गुप्त सूचना पर गोंदिया जिले में तेंदुए की खाल पकड़ी और नागपुर स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस की एक महिला यात्री से एम्फेटामाइन जब्त किया।
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की नागपुर क्षेत्रीय यूनिट ने गुप्त सूचना के आधार पर सिर्फ तीन दिन के भीतर दो बड़ी कार्रवाइयां की हैं। एक कार्रवाई में अंतरराज्यीय स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ और 1.05 करोड़ रुपये का एम्फेटामाइन जब्त किया गया। दूसरी कार्रवाई गोंदिया जिले में हुई, जहां तेंदुए की खाल जब्त की गई और वन्यजीव तस्करी करने वाले गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पहले खाल वाले मामले की बात करें। 29 सितंबर को DRI की टीम ने गोंदिया जिले के पुराडा गांव के पास वन्यजीवों की तस्करी में शामिल गिरोह पर कार्रवाई की। इसी दौरान तेंदुए की खाल हाथ लगी। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। जब्त की गई खाल और दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए वनपरिक्षेत्र अधिकारियों के हवाले कर दिया गया।
DRI देश भर में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिहाज से लगातार कार्रवाई करती रही है। इससे पहले उज्जैन में तेंदुए की खाल पकड़ी गई थी। सिवनी में बाघ की हड्डियां, पिलेरू और जगदलपुर में पैंगोलिन के शल्क और मैसूर में हाथी के दांत जब्त करने में DRI को कामयाबी मिल चुकी है।
अब नशीले पदार्थों वाला मामला। 27 सितंबर को DRI के अधिकारियों ने RPF और मध्य रेलवे की मदद से नागपुर रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की। हजरत निजामुद्दीन से KSR बेंगलुरु जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला को हिरासत में लिया गया और उसके सामान की तलाशी ली गई।
तलाशी में पता चला कि सूटकेस के अंदर कपड़े के अस्तर के पीछे कार्डबोर्ड का एक गुप्त खाना बनाया गया था। इस खाने में नीले कार्बन पेपर में लपेटे हुए दो पैकेट मिले। फील्ड ड्रग टेस्टिंग किट से जांच की गई तो उनमें एम्फेटामाइन होने की बात सामने आई।
अधिकारियों ने कुल 1.312 किलो एम्फेटामाइन जब्त किया। अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 1.05 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपी महिला को NDPS कानून के तहत अरेस्ट किया गया और उसी दिन छुट्टी वाले दिन बैठने वाली अदालत में पेश किया गया।