नागपुर में चोरी के शक में भीड़ ने दो युवकों को पीटा, एक की मौत, दूसरा फरार
बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के न्यू मनीष नगर में मंगलवार दोपहर घर में घुसे युवकों के शक में भीड़ ने दो लोगों से मारपीट की। एक की अस्पताल में मौत हो गई।
नागपुर के बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में न्यू मनीष नगर की मॉडल मिल सोसाइटी में मंगलवार दोपहर चोरी के शक में भीड़ ने दो युवकों को पकड़ लिया। बताया गया है कि दोनों की जमकर पिटाई की गई। गंभीर रूप से घायल एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी मौका पाकर भाग निकला। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों समेत भारी पुलिस बल मौके पर तैनात करना पड़ा।
मृतक की पहचान नरसाला के रहने वाले सुमेध राजेंद्र गजभिये (28) के रूप में हुई है। घटना मंगलवार दोपहर करीब 1.45 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक न्यू मनीष नगर की मॉडल मिल सोसाइटी में उषा देवीदास धार्मिक (61) के घर में दो युवक घुस आए। आरोप है कि एक युवक ने महिला के गले पर चाकू रखकर उनका मंगलसूत्र छीनने की कोशिश की। महिला ने विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपी के हाथ मंगलसूत्र का सिर्फ टूटा हुआ हिस्सा लग सका।
आवाज सुनकर दूसरे कमरे में मौजूद उनकी बहू हॉल में आई। कथित तौर पर आरोपियों ने उससे भी गहने और नकदी मांगी। हालात भांपकर बहू बच्चे को कमरे में रखने का बहाना बनाकर अंदर गई और भीतर से दरवाजा बंद कर लिया। फिर उसने अपने पति और पड़ोसियों को फोन करके घर में घुसे युवकों के बारे में बताया।
खबर मिलते ही महिला का बेटा दोस्तों और पड़ोसियों के साथ घर पहुंचा और आसपास दोनों युवकों की तलाश शुरू हुई। कुछ दूरी पर एक दोपहिया वाहन के पास सुमेध गजभिये और उसका साथी दीपक पाटिल दिखाई दिए। महिला के घर में घुसने वाले आरोपी होने के शक में लोगों ने दोनों को घेर लिया। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और दोनों के साथ मारपीट शुरू हो गई।
सूचना पर बेलतरोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मारपीट कर रहे तीन लोगों को हिरासत में लिया और घायल सुमेध को अपने कब्जे में ले लिया। इसी बीच दीपक पाटिल मौका पाकर वहां से भाग गया।
पुलिस सुमेध को बेलतरोड़ी थाने ले गई। वहां उसकी हालत बिगड़ने पर थानेदार नाइकवाड़ ने उसे तुरंत इलाज और मेडिकल जांच के लिए शासकीय मेडिकल अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सुमेध को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर फैलते ही बेलतरोड़ी इलाके में तनाव बढ़ गया। देर रात तक बेलतरोड़ी पुलिस स्टेशन और घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जमा रही। एहतियात के तौर पर पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर हालात पर नजर रखी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अजनी के एसीपी नरेंद्र हिंवरे, अपराध शाखा के एसीपी वैभव जाधव, पुलिस उपायुक्त रश्मिता राव, अपराध शाखा के उपायुक्त दीपक अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी और सह-पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी पुलिस बल के साथ बेलतरोड़ी थाने पहुंचे।
पुलिस ने मारपीट में शामिल बताए जा रहे तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। फरार दीपक पाटिल की तलाश जारी है। पुलिस इसकी जांच कर रही है कि घर में घुसे युवक असल में कौन थे और भीड़ ने किन हालात में दोनों को पकड़कर पीटा। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।