नाबालिग छात्रा सहित पांच महिलाओं से छेड़खानी
नागपुर.
नाबालिग छात्रा सहित पांच महिलाओं से छेड़खानी की गई है. 15 वर्षीय छात्र 23 सितंबर की सुबह बस्ती के सार्वजनिक गणेश मंडल में पूजा करने गई थी. पूजा खत्म होने के बाद बालिका घर लौट रही थी. इसी दौरान मार्ग में उसे 19 वर्षीय विशेष टेंभरे ने आवाज देकर रोका. उसने बालिका को प्रसाद लेने के लिए अपने घर चलने को कहा. घर ले जाने के बाद विशेष ने बालिका से आपत्तिजनक बर्ताव किया. कलमना पुलिस ने विशेष के खिलाफ पोस्को तथा छेड़खानी का मामला दर्ज किया है. 19 वर्षीय छात्रा की एक विवाह समारोह में राहुल धुर्वे (23) सेलू, वर्धा से मुलाकात हुई थी. इसके बाद से दोनों एक दूसरे से मोबाइल पर बात करने लगे थे. उनके बीच वीडियो कॉलिंग भी होती थी. वीडियो कॉलिंग के दौरान ही राहुल ने स्क्रीन की रिकॉर्डिंग कर ली. इस बात का छात्रा को पता नहीं चल पाया. राहुल ने छात्र के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई. उसपर छात्रा से संबंधित जानकारी अपलोड की. इसका छात्रा के भाई को पता चल गया. जिसके बाद छात्रा ने बेलतरोडी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने राहुल के खिलाफ छेड़खानी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. 23 वर्षीय युवती तहसील थाने के तहत एक कॉस्मेटिक की दुकान में काम करती है. काम पर जाते समय आरोपी सनी गौर (32) ज्योति नगर युवती का पीछा करता था. वह युवती को लगातार इंस्टाग्राम पर रिक्वेस्ट भी भेजता था. युवती ने इस घटना की अपने परिजनों को जानकारी भी दी थी. तहसील थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी. बाद में युवती ने शिकायत वापस ले ली. इसके बाद सनी गौर द्वारा पुनः पीछा करके परेशान करने लगा. युवती ने तहसील थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने छेड़खानी का मामला दर्ज किया है.
इसी तरह 25 वर्षीय विवाहिता की उसके पति से अनबन चल रही है. विवाहिता की शिकायत के अनुसार उसके घर में अकेले रहने के दौरान 63 वर्षीय ससुर ने आपत्तिजनक बर्ताव किया. उससे शारीरिक संबंध की मांग की. इसके बाद विवाहिता अपने मायके चली गई. 30 सितंबर को उसने जरीपटका थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने छेड़खानी का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है. एक प्राइवेट हॉस्पिटल में कार्यरत पीड़ित महिला मोपेड पर सवार होकर ड्यूटी जा रही थी. इसी दौरान कार क्रमांक एम.एच./31/ एफ.ई./1999 के चालक ने पीछे से टक्कर मार दी. कार चालक और उसकी साथी महिला ने गालियां देते हुए मोपेड सवार महिला को काम से निकलने की धमकी दी. उसका काफी दूर तक पीछा भी किया. महिला ने सीताबर्डी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने छेड़खानी, धमकाने और वाहन को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है
बलात्कार में फंसा छिंदवाड़ा का चिकित्सक
नागपुर.
शादी का वादा करके छिंदवाड़ा के एक चिकित्सक ने युवती पर बलात्कार किया है. सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार किया है. आरोपी छिंदवाड़ा मध्य प्रदेश निवासी 28 वर्षीय संजय विश्वास है. 27 वर्षीय युवती की शिकायत के अनुसार संजय आयुर्वेद चिकित्सक है. संजय और उसके परिजन युवती के पुराने करीबी हैं. इस वजह से युवती की संजय से दोस्ती है. संजय ने युवती को उससे शादी करने का झांसा दिया. शादी करने के नाम पर वह बीते दो साल से युवती से शारीरिक संबंध बना रहा था. कुछ समय से उसने युवती से दूरी बना ली थी. उसने शादी करने से भी इंकार कर दिया. युवती ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने बलात्कार का मामला दर्ज कर संजय को गिरफ्तार किया है.