मनपा कर निरीक्षक को धमकी देकर हफ्ता वसूली
कुख्यात प्रमोद भागचंदानी के खिलाफ मामला दर्ज, 2004 से आरटीआई एक्ट का दुरूपयोग
नागपुर.
आरटीआई एक्ट के नाम पर सरकारी अधिकारियों कर्मियों को ब्लैकमेल करके हफ्ता वसूली करने वाले प्रमोद भागचंदानी के खिलाफ पांचपावली पुलिस ने हफ्ता वसूली और एट्रोसिटी के तहत मामला दर्ज किया है. मामला दर्ज होने की भनक लगते ही भागचंदानी फरार हो गया है. आगामी दिनों में भागचंदानी के कई पीड़ितों के सामने आने की उम्मीद है.
भागचंदानी 2004 से सक्रिय है. वह आरटीआई एक्ट के तहत सरकारी अधिकारी कर्मियों के साथ नागरिकों की भी जानकारी निकालता है. अवैध निर्माण कार्य तोड़ने की धमकी देकर उगाही करता है. उसे 2009 में पहली मर्तबा शहर के एक प्रख्यात चिकित्सक को आयकर अधिकारी बनकर उगाही करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था. उस वक्त भागचंदानी चिकित्सक से 10 लाख रुपए मांग रहा था. इसके बाद भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी और उगाही के और भी मामले दर्ज हुए है. ताजा प्रकरण के शिकायतकर्ता आसी नगर जोन कार्यालय में कर निरीक्षक सूरज स्वामी है. भागचंदानी स्वामी को एक मकान पर लगाए गए प्रॉपर्टी टैक्स को कम करने के लिए धमका रहा था. वह अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों का नाम लेकर स्वामी को प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के लिए बोल रहा था. इनकार करने पर भागचंदानी ने स्वामी को जाति सूचक गालियां देकर धमकाया. उसने स्वामी को आरटीआई एक्ट में जानकारी लेकर एंटी करप्शन ब्यूरो के झूठे केस में फंसने की धमकी भी दी. इससे त्रस्त होकर स्वामी ने पांचपावली थाने में शिकायत दर्ज कराई. जांच के बाद पांचपावली पुलिस ने स्वामी और उसे प्रॉपर्टी टैक्स काम करने के लिए कसानेवाले ट्रांसपोर्टर के खिलाफ हफ्ता वसूली, एट्रोसिटी, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, जान से मारने की धमकी देने आदि धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. भागचंदानी काफी समय बाद पुलिस के शिकंजे में फंसा है. उसके कई पीड़ित शहर में मौजूद है. जोन तीन के डीसीपी राहुल मदने ने भागचंदानी के पीड़ित नागरिकों से शिकायत दर्ज करने के लिए सामने आने की अपील की है. मदने ने बताया कि भागचंदानी काफी समय से सक्रिय है. उसके खिलाफ दर्ज प्रकरण की भी पड़ताल की जा रही है.