महिंद्रा थार का नया अवतार आज होगा लॉन्च, डिजाइन और फीचर्स में बड़े बदलाव
महिंद्रा थार 3 डोर के फेसलिफ्ट वर्जन का आज आधिकारिक खुलासा होने की उम्मीद है, जिसमें एक्सटीरियर से लेकर केबिन तक कई नए फीचर्स मिल सकते हैं।
महिंद्रा एंड महिंद्रा की पॉपुलर ऑफ-रोड एसयूवी थार 3 डोर एक बार फिर अपडेट होने जा रही है। कंपनी इस एसयूवी के फेसलिफ्टेड वर्जन का आज आधिकारिक खुलासा कर सकती है। खास बात यह है कि 2025 में हुए अपडेट के एक साल के भीतर ही थार में फिर से बदलाव किए जा रहे हैं। पिछले कुछ महीनों से इस एसयूवी के कैमफ्लाज प्रोटोटाइप भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग करते हुए देखे गए हैं।
नई महिंद्रा थार फेसलिफ्ट के बाहरी डिजाइन में कुछ अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फ्रंट में हनीकॉम्ब पैटर्न वाली अपडेटेड ग्रिल मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा नए अलॉय व्हील डिजाइन भी दिए जा सकते हैं। थार रॉक्स यानी 5-डोर थार से कुछ डिजाइन एलिमेंट्स 3-डोर मॉडल में लाए जाने की संभावना है। इसमें प्रोजेक्टर एलईडी हेडलैंप के साथ सी-शेप डीआरएल मिल सकते हैं। फ्रंट और रियर बंपर में भी बदलाव हो सकता है, वहीं टेल लैंप के डिजाइन में भी कुछ सुधार की उम्मीद है।
केबिन के मामले में थार फेसलिफ्ट का बेसिक लेआउट मौजूदा मॉडल जैसा ही रहने की संभावना है। हालांकि ग्राहकों को ज्यादा प्रीमियम एक्सपीरियंस देने के लिए लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री और अपडेटेड ट्रिम मटेरियल का इस्तेमाल किया जा सकता है। फीचर्स के मामले में इस बार बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है। पिछले अपडेट में 10.25-इंच टचस्क्रीन, रियर एसी वेंट्स, रियर वाइपर और वॉशर के साथ रियरव्यू कैमरा जैसे फीचर्स दिए गए थे। अब नए मॉडल में डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 360-डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वायरलेस चार्जर और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिल सकते हैं, जिससे थार की फीचर लिस्ट में जो कमियां थीं वो पूरी हो सकती हैं।
इंजन के मामले में नई थार फेसलिफ्ट में मौजूदा इंजन लाइनअप बरकरार रहने की उम्मीद है। इसमें 117bhp की क्षमता वाला 1.5-लीटर डीजल, 130bhp की क्षमता वाला 2.2-लीटर डीजल और 150bhp की क्षमता वाला 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है। सभी इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स का ऑप्शन रहेगा, जबकि 2.2-लीटर डीजल और 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स भी उपलब्ध है। ड्राइवट्रेन के मामले में भी मौजूदा सेटअप बने रहने की संभावना है। 1.5-लीटर डीजल सिर्फ रियर-व्हील ड्राइव के साथ, जबकि 2.2-लीटर डीजल 4x4 ड्राइव के साथ मिलेगा। टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ आरडब्ल्यूडी और 4x4 दोनों ऑप्शन मिल सकते हैं।
मौजूदा महिंद्रा थार की एक्स-शोरूम कीमत करीब Rs 10.32 लाख से Rs 18 लाख के बीच है। फेसलिफ्ट में नए फीचर्स और डिजाइन अपडेट मिलने की वजह से पुराने मॉडल के मुकाबले कीमत में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है। लॉन्च के बाद नई थार का सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी जिम्नी और फोर्स गुरखा 3-डोर जैसी ऑफ-रोड एसयूवी से बना रहेगा। ऐसे में आज के आधिकारिक खुलासे में महिंद्रा क्या बदलाव करती है और नई थार की कीमत कितनी रखती है, इस पर एसयूवी फैंस की नजर टिकी हुई है।