महंगा पड़ा सिग्नल तोड़ना, तीन जख्मी
सदर के जापानी गार्डन चौक पर हादसा, ट्रैफिक रूल्स तोड़ना आदत में शुमार
नागपुर में सदर के जापानी गार्डन चौक पर गुरुवार दोपहर ट्रैफिक नियमों को नजरंदाज करना उस समय भारी पड़ गया जब ट्रिपल सीट सवार मोपेड सिग्नल जंप कर आगे निकलते हुए सामने से आ रही कार से जा भिड़ी । हादसे में मोपेड सवार एक छात्रा और दो युवक जख्मी हो गए. तीनों को तत्काल उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के वक्त दोपहर 2 बजे जापानी गार्डन चौक का यातायात सिग्नल शुरू था. तभी मोपेड पर सवार 18 वर्षीय तन्वी चला वहां से गुजरी. उसके पीछे देवांश दुबे और शिवम अरसोडे बैठे थे. बताया जा रहा है कि मोपेड चालक तन्वी बंद सिग्नल को नजरंदाज करके आगे निकल गई. सड़क पार करने की कोशिश में सामने से आ रही कार से मोपेड की टक्कर हो गई. टक्कर के बाद मोपेड सवार तीनों सड़क पर गिर गए. तीनों जख्मी हो गए. हादसा होते ही चौक पर मौजूद मदद के लिए आए. उन्होंने तत्काल घायलों को करीब के निजी अस्पताल पहुंचाया. हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हो गई. सदर पुलिस मौके पर पहुंची. प्राथमिक जांच में सिग्नल जंप होने से हादसा होने का पता चला है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई पता लगा रही है. दुपहिया सवार युवाओं द्वारा सिग्नल जंप करना आम बात है. ट्रैफिक नियमों की अनदेखी आदत में शुमार हो गया है. इससे हमेशा हादसा होने की आशंका बनी रहती है.