रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

महल में एमडी तस्करों का चल रहा था बड़ा अड्डा

जुर्म PT24 टीम

130 ग्राम एमडी के साथ दो सप्लायर गिरफ्तार, 5.10 लाख का माल जब्त, फरार छह तस्करों की तलाश से मचा हड़कंप

नागपुर.

उपराजधानी में नशे के सौदागरों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। अब शहर के मध्यवर्ती रिहायसी महल इलाके में एमडी की सप्लाई का मामला उजागर हुआ है. एंटी नारकोटिक्स टीम ने शनिवार तड़के किल्ला महल में दबिश देकर ड्रग्स के कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को दबोच लिया. उनके कब्जे से 130 ग्राम एमडी बरामद हुई है. पुलिस ने ड्रग्स की खेप के साथ दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और पैकिंग सामग्री सहित कुल 5.10 लाख रुपये का माल जब्त किया है. इस कार्रवाई में छह अन्य संदिग्धों के नाम सामने आने से ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जांच ने नया मोड़ ले लिया है.

तड़के पुलिस का धावा, दो तस्कर गिरफ्तार

कोतवाली थाना क्षेत्र के किल्ला महल में शनिवार तड़के एंटी नारकोटिक्स टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की. सुबह 3.50 से 6.40 बजे के बीच शिशु विकास स्कूल के पीछे सुरेश बागल के घर के सामने कार्रवाई की गई. पुलिस ने मौके से शेख मोहसीन अब्दुल गफूर (28) किल्ला महल और शेख साकिब शेख आसिफ (23) तुलसीबाग, महल को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 130 ग्राम एमडी पाउडर मिला. इसकी कीमत 3.90 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाली 90 हजार रुपये की बर्गमैन मोपेड, 30 हजार रुपये के दो मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटा और ड्रग्स की पैकिंग के लिए रखी गई जिपलॉक पन्नियां भी जब्त कीं.

छह और संदिग्धों के नाम, नेटवर्क की तलाश तेज

पुलिस की इस कार्रवाई में केवल दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन जांच का दायरा छह अन्य संदिग्धों तक पहुंच गया है. इनमें तरबेज आलम उर्फ टिपू उर्फ अंग्रेज, राहिल सलाम शेख, नौशाद इमरान मलिक, इरफान, शेख इकराम शेख मुजफ्फर और अमीन शामिल हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है. अब जांच का सबसे अहम पहलू एमडी की सप्लाई का स्रोत और शहर में इसके खरीदारों की पहचान करना है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों तक नशे की खेप कौन पहुंचा रहा था और इसके वितरण में कितने लोग शामिल हैं. छह अन्य संदिग्धों की भूमिका स्पष्ट होने के बाद इस नेटवर्क की और कड़ियां सामने आने की संभावना है. महल परिसर एमडी की तस्करी को लेकर पहले भी चर्चा में रहा है. कुछ समय पहले ही एमडी तस्करी को लेकर चल रही गैंगवार में अपराधी पर गोलियां भी बरसाई गई थी. इसके बाद भी पुलिस एमडी तस्करी पर काबू पाने में विफल साबित हो रही है. इस मामले में कोतवाली पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 22(सी) और 29 के तहत अपराध दर्ज करने की कार्रवाई जारी है. पीआई भारत क्षीरसागर के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स टीम ने यह कार्रवाई की.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन