कुलाबा गणेश मंडल विवाद: संजय राऊत ने पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र, कार्रवाई की मांग
कुलाबा के बाल गोपाल मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने संजय राऊत से शिकायत की कि साउथ जोन के ट्रैफिक पुलिस अफसर ने गाली गलौच और धमकी दी।
राज्य में गणेश उत्सव पूरे जोश के साथ चल रहा है। इस दौरान पुलिस और मंडलों के कार्यकर्ता मिलकर उत्सव को शांति से निपटाने में जुटे रहते हैं, ताकि कहीं कोई गड़बड़ी ना हो। इसी सिलसिले में शिवसेना नेता संजय राऊत कुलाबा स्थित बाल गोपाल मित्र मंडल के दर्शन के लिए पहुंचे थे।
वहां मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संजय राऊत के सामने अपनी परेशानी रखी। उनका कहना है कि मंडल के पास गणेश उत्सव का वैध परमिट होने के बावजूद साउथ जोन के ट्राफिक पुलिस अफसर हेमराज राजपूत खुद मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं तथा पदाधिकारियों के साथ गाली गलौच की, धमकाया भी। इतना ही नहीं, वहां मौजूद महिलाओं के साथ भी बदतमीजी की गई और उनके मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की गई।
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संजय राऊत ने पुलिस कमिश्नर देवेन भारती को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि इस घटना के पीछे राजनीतिक शह होने का शक है। मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के मुताबिक अफसर हेमराज राजपूत ने इस पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी करवाई। मंडल के अध्यक्ष प्रसन्न पांडे एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं।
पत्र में राऊत ने आरोप लगाया है कि पालिका चुनाव के दौरान इस मंडल ने मकरंद नार्वेकर को समर्थन नहीं दिया था, और इसी वजह से जोन के ट्राफिक पुलिस अफसर हेमराज राजपूत ने यह घिनौना और गैरकानूनी बर्ताव किया। राऊत ने अपने पत्र में यह भी सवाल उठाया कि कुलाबा इलाके में और भी गणेश मंडल हैं, लेकिन किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई, तो फिर कुलाबा की पास्ता लेन वाले बाल गोपाल मित्र मंडल को ही निशाना क्यों बनाया गया, यह हैरानी की बात है।
शिवसेना नेता संजय राऊत ने पुलिस कमिश्नर देवेन भारती से लिखित शिकायत करते हुए मांग की है कि इस पूरी घटना की जांच कराई जाए। उनका कहना है कि मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस घटना के बाद डर के माहौल में हैं और उनके मन में खौफ बैठा हुआ है। साथ ही उन्हें डर है कि कहीं इस वजह से गणेश उत्सव में कोई खलल ना पड़ जाए, और उन्होंने कमिश्नर से इस पर तुरंत ध्यान देने की अपील की है।