KBC 18 में उज्ज्वल निकम ने बताया, कसाब ने पूछताछ में अमिताभ बच्चन को लेकर क्या दावा किया था
'कौन बनेगा करोड़पति 18' के एक खास एपिसोड में सरकारी वकील उज्ज्वल निकम ने 26/11 मुंबई हमले के आरोपी अजमल कसाब की पूछताछ से जुड़ा किस्सा शेयर किया।
'कौन बनेगा करोड़पति 18' का शो इन दिनों सुर्खियों में है। शो के एक खास एपिसोड 'प्रहार - द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' में सीनियर सरकारी वकील उज्ज्वल निकम मेहमान बनकर पहुंचे थे, साथ में एक्टर राजकुमार राव और एक्ट्रेस वामिका गब्बी भी खास मेहमान के तौर पर मौजूद थे। इस एपिसोड में उज्ज्वल निकम ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी अजमल कसाब की पूछताछ से जुड़ा एक वाकया साझा किया।
निकम के मुताबिक, पूछताछ के दौरान कसाब ने मुंबई आने की वजह बताई थी। उनके अनुसार आरोपी कसाब ने कहा था कि वह हिंदी फिल्मों का फैन है और अमिताभ बच्चन से मिलने और उनका घर देखने के इरादे से मुंबई आया था। निकम ने बताया कि यह कसाब का अपना दावा था, जो पूछताछ के दौरान सामने आया।
जैसे ही कसाब के इस कथित दावे का जिक्र हुआ, अमिताभ बच्चन ने शो में तीखी प्रतिक्रिया दी। बिग बी के हवाले से बताया गया कि उन्होंने कहा, "अगर कसाब हमारे घर आया होता, तो वहां से वापस नहीं जा पाता। मैं उसे वहीं गोली मार देता।" इस बयान के बाद कुछ पलों के लिए शो का माहौल गंभीर हो गया।
उज्ज्वल निकम ने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी कसाब ने जांच एजेंसियों को गुमराह करने की भी कोशिश की थी। उनके मुताबिक कसाब ने शुरुआत में यह दावा किया था कि उसे 26/11 मुंबई हमले के सिलसिले में गिरफ्तार नहीं किया गया, बल्कि उसे 6 नवंबर को जुहू चौपाटी से पकड़ा गया था।
निकम ने यह भी बताया कि आरोपी कसाब ने खुद को नाबालिग होने का दावा किया था, जिसके चलते उसकी उम्र को लेकर कानूनी सवाल खड़ा हो गया था। उनके अनुसार, कसाब की असली उम्र तय करने के लिए मेडिकल टेस्ट भी करवाए गए थे।
26/11 मुंबई आतंकी हमले से जुड़ी ये यादें उज्ज्वल निकम ने 'KBC 18' के इस खास एपिसोड में शेयर की, जिसके बाद यह एपिसोड चर्चा का विषय बन गया है।