मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
19:46 IST

कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से कथित गैंगरेप, एक आरोपी मुठभेड़ में जख्मी होकर गिरफ्तार

दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला, पुलिस बनकर सुनसान जगह ले जाने का आरोप, दो आरोपी अब भी फरार

दिल्ली से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। राजधानी के कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर के पास 17 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई है। पुलिस के मुताबिक यह वारदात आस्था कुंज पार्क इलाके में हुई। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और आसिफ नाम के एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। मामले में बाकी दो आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8.45 बजे कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर के पास दुष्कर्म की सूचना देने वाला पीसीआर कॉल आया था। कॉल मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर आई थी। इसके बाद दोनों गेट नंबर 7 से आस्था कुंज पार्क में गए। इसी दौरान तीन लोग उनके पास आए और खुद को पुलिसवाला बताया। आरोप है कि इन तीनों ने दोनों को पार्क के सुनसान हिस्से में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।

शिकायत के मुताबिक आसिफ ने लड़की को पिस्तौल और चाकू दिखाकर धमकाया और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत में यह भी आरोप है कि बाकी दो लोगों ने भी इस वारदात में हिस्सा लिया। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता और उसके दोस्त को धमकी देकर वहां से भागने का आरोप शिकायत में दर्ज है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की गई।

जांच के दौरान पुलिस को एक आरोपी के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक अमर कॉलोनी के डीएम ऑफिस रोड के पास पुलिस ने आसिफ को रोकने की कोशिश की, इस दौरान उसने कथित तौर पर पुलिस पर तीन गोलियां चला दीं। पुलिस के अनुसार इनमें से एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद आत्मरक्षा में हेड कांस्टेबल ने दो गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली आसिफ के दाहिने पैर में जा लगी। जख्मी आसिफ को इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी दो आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं।

पीड़ित नाबालिग की मेडिकल जांच करा दी गई है और उसकी काउंसलिंग भी की जा रही है। अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो कानून की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है और फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे