मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
19:12 IST

JSW ग्रीनटेक का इलेक्ट्रिक बस-ट्रक बाजार में प्रवेश, 'AMPSTAR' ब्रांड लॉन्च

JSW समूह की कमर्शियल इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी ने AMPSTAR नाम से नया ब्रांड उतारा, छत्रपती संभाजीनगर में बनेंगी बसें और ट्रक

JSW ग्रीनटेक का इलेक्ट्रिक बस-ट्रक बाजार में प्रवेश, 'AMPSTAR' ब्रांड लॉन्च
एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर; यह घटना का वास्तविक फोटो नहीं है | PT24

JSW समूह की व्यावसायिक इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी जेएसडब्ल्यू ग्रीनटेक लिमिटेड ने अपना नया ब्रांड AMPSTAR पेश किया है। इस ब्रांड के तहत कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक बसों और ट्रकों की डिजाइन, निर्माण और बिक्री करेगी। इस कदम के साथ जेएसडब्ल्यू समूह ने पहली बार कमर्शियल मोबिलिटी सेक्टर में एंट्री ली है।

AMPSTAR के तहत आने वाली सभी इलेक्ट्रिक बसें और ट्रक छत्रपती संभाजीनगर के ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट में बनाई जाएंगी। कंपनी का कहना है कि यह एक फुल-स्टैक कमर्शियल मोबिलिटी सॉल्यूशन है, यानी सिर्फ गाड़ियां बनाना ही नहीं बल्कि चार्जिंग सुविधा, ऑपरेटिंग सॉल्यूशंस, फाइनेंशियल सपोर्ट और सेल्स के बाद की सर्विस भी इसमें शामिल है, ताकि ग्राहक भरोसे के साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल अपना सकें।

यह ब्रांड बाजार में AMPSTAR: powered by JSW के नाम से आएगा। ग्राहकों को 150 kW से 500 kW तक की पावर कॉन्फिगरेशन चुनने की आजादी मिलेगी। इसके अलावा सीधी खरीद, लीजिंग, बैटरी एज अ सर्विस (BaaS) और मालिकाना हक या संचालन के दूसरे विकल्पों में से भी चुनने की सुविधा रहेगी।

AMPSTAR की गाड़ियां छत्रपती संभाजीनगर के ऑरिक (AURIC) एरिया में 90 एकड़ में फैले भारत के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड EV मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में बनेंगी। इस प्लांट की सालाना क्षमता 15,000 इलेक्ट्रिक बसों और ट्रकों की होगी। बस निर्माण के लिए भारत की पहली प्री-ट्रीटमेंट और इलेक्ट्रो-डिपॉजिशन (PT-ED) प्रोसेस, ऑटोमेटेड ट्रक-कैबिन लाइन और इंटीग्रेटेड बैटरी इकोसिस्टम भी इस प्लांट में लगाए गए हैं।

ये गाड़ियां कंपनी ने भारत की सड़कों और मौसम को ध्यान में रखकर खुद डिजाइन की हैं। जेएसडब्ल्यू ग्रीनटेक ने पूरे इलेक्ट्रिक ड्राइव्हट्रेन के लिए जरूरी सिस्टम, सॉफ्टवेयर और एल्गोरिदम खुद तैयार किए हैं, जिससे ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से गाड़ियों में बदलाव किया जा सकता है। इनमें डबल कूलिंग बैटरी सिस्टम और हाई-स्ट्रेंथ मोनोकॉक चेसिस जैसे फीचर दिए गए हैं।

लॉन्च के मौके पर जेएसडब्ल्यू समूह के चेयरमैन सज्जन जिंदाल ने कहा, "इलेक्ट्रिक कमर्शियल मोबिलिटी में उतरने का फैसला लेते वक्त मैंने इसे राष्ट्रनिर्माण के एक कदम के तौर पर देखा था, यानी बाहर से आयात होने वाले फ्यूल की जगह भारत में ही बनी ऊर्जा पर गाड़ियां चलाना। ग्लोबल तेल की कीमतों पर हमारा कंट्रोल नहीं हो सकता, लेकिन उन पर कितना निर्भर रहना है, यह हमारे हाथ में जरूर है। AMPSTAR को लेकर हमारी महत्वाकांक्षा यही है कि यह भारत के ट्रांसपोर्टेशन तरीके को बदलने का एक असरदार जरिया बने। यह सिर्फ बिजनेस का सवाल नहीं, बल्कि एक देश के तौर पर हम कैसे हैं और कैसे बनना चाहते हैं, इसका सवाल है। हर ग्राहक जब इलेक्ट्रिक बस या ट्रक चुनने का साहस दिखाता है, तो उसमें सिर्फ भावना नहीं बल्कि आर्थिक फायदा भी अहम होता है। इस फैसले का असर सिर्फ उस गाड़ी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे एनर्जी सिक्योरिटी, लॉजिस्टिक्स की कम लागत, भारतीय उद्योगों की ग्लोबल कॉम्पिटिटिवनेस, भारत में ही मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम और अगली पीढ़ी के लिए साफ भविष्य जैसे कई फायदे मिलते हैं। AMPSTAR आज इसी सफर की शुरुआत कर रहा है, कदम-दर-कदम भारत के ट्रांसपोर्टेशन तरीके में बड़ा बदलाव लाने की दिशा में।"

इस पर और जानकारी देते हुए जेएसडब्ल्यू समूह के पार्थ जिंदाल ने कहा, "AMPSTAR जेएसडब्ल्यू की पूरी ताकत कमर्शियल मोबिलिटी सेक्टर में लाने वाला एक मकसद है और इसके पीछे एक ही महत्वाकांक्षा है, भारत में लोगों के सफर करने और सामान ढोने के तरीके को बदलना। कई महीनों तक हमने ग्राहकों और दूसरे जुड़े लोगों की बात सुनने में लगाए, और इससे यह साफ हुआ कि इस टेक्नोलॉजी को अपनाने की असली चुनौतियां सिर्फ गाड़ी तक सीमित नहीं हैं, उससे कहीं आगे हैं। इसीलिए हमने ग्राहक के पूरे सफर को ध्यान में रखते हुए फुल-स्टैक इलेक्ट्रिक कमर्शियल मोबिलिटी सॉल्यूशन तैयार किया। AMPSTAR में दो अहम आइडिया मिलते हैं, Amp शब्द Ampere से आया है जो एफिशिएंसी बढ़ाने वाली टेक्नोलॉजी का प्रतीक है, और Star शब्द महत्वाकांक्षा, लीडरशिप और तरक्की दिखाता है। ब्रांड की पहचान भी इसी सोच को दिखाती है, मॉडर्न, प्रोग्रेसिव और फिर भी अपने आप में अलग। हमारा वादा यही है कि हर ग्राहक के सफर में हम उनके साथ रहेंगे और इलेक्ट्रिक व्हीकल की ओर बदलाव को आसान, भरोसेमंद और फायदेमंद बनाएंगे।"

ग्राहकों के लिए बिजनेस फायदों के बारे में बात करते हुए जेएसडब्ल्यू ग्रीनटेक लिमिटेड के सीईओ सुमित मित्तल ने कहा, "इलेक्ट्रिक कमर्शियल मोबिलिटी के लिए AMPSTAR हमारा विजन है और आज इसकी शुरुआत हो रही है। इन गाड़ियों की डिजाइन, इंजीनियरिंग और निर्माण हम शुरुआत से भारत में ही कर रहे हैं, इसमें हमारा अपना ड्राइव्हट्रेन और सॉफ्टवेयर है, सबसे अच्छी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है और ये गाड़ियां भारतीय सड़कों और यहां के काम करने के हालात के हिसाब से बनाई गई हैं। हमारे प्रोडक्ट हर तरह की जरूरत पूरी करने के लिए तैयार किए गए हैं। बसों की बात करें तो हमारे पोर्टफोलियो में 7 मीटर से 18 मीटर लंबाई तक की बसें होंगी, जो स्टाफ ट्रांसपोर्ट, शहर व इंटर-सिटी ट्रांसपोर्ट और स्कूल ट्रांसपोर्ट जैसी अलग-अलग सर्विस के लिए काम आएंगी। ट्रकों में हम 55-टन क्षमता वाले ट्रैक्टर-ट्रेलर से शुरुआत कर रहे हैं, जिसे डिजाइन के लिहाज से सबसे मुश्किल कैटेगरी माना जाता है। आने वाले महीनों में टिपर्स और फिक्स्ड-बॉडी डंपर्स की कैटेगरी में भी विस्तार करने की हमारी योजना है। भारत की सड़कों पर वर्ल्ड-क्लास बसें और ट्रक मिलने चाहिए, और AMPSTAR के जरिए हम यही हासिल करना चाहते हैं।"

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे