झांसी से नागपुर आए युवक से लूट, 4 घंटे में पुलिस ने 5 आरोपी पकड़े
दमे के अटैक का बहाना बनाकर बचाई जान, गिट्टीखदान पुलिस ने वारदात के बाद फौरन कार्रवाई करते हुए वाहन, मोबाइल और नकद सहित 3 लाख का माल बरामद किया
नागपुर जिले के गिट्टीखदान पुलिस स्टेशन इलाके में उत्तर प्रदेश के झांसी से आए एक युवक को लूट का शिकार बनाया गया। पुलिस के मुताबिक शहर के 2 दोस्तों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर इस युवक के पास लाखों रुपये होने की लालच में लूट की पूरी प्लानिंग बनाई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रास्ते में झांसी के इस युवक को डरा-धमकाकर उससे मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तथा कुछ नकद रकम छीन ली। इतना ही नहीं, आरोपी उसका एटीएम कार्ड भी छीनकर उसके खाते से पैसे निकालने की फिराक में थे। बोरगाव इलाके में जब यह सब हो रहा था, तभी युवक ने दमे का अटैक आने की बात कहकर आरोपियों को चकमा दे दिया।
इसके बाद वह पास के एक मेडिकल स्टोर पर दवा लेने के बहाने रुक गया। वहां लोगों की भीड़ देखकर उसने जोर-जोर से चिल्लाकर मदद मांगनी शुरू कर दी। पकड़े जाने के डर से आरोपी वहां से भाग खड़े हुए। शोर-शराबे की खबर मिलते ही गिट्टीखदान पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपियों का एक वाहन घटनास्थल पर ही मिल गया।
पुलिस ने झांसी निवासी शोएब जावेद खान (27) की शिकायत पर केस दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक शोएब एसी रिपेयरिंग का काम करता है और फलों का व्यापार भी करता है।
पुलिस ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के दम पर सिर्फ 4 घंटे के अंदर सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहननगर, खलासी लाइन का रहने वाला तारेंद्र उर्फ बिट्टू सनत ठाकुर (23), नारा गांव का निखिल ताराचंद खाकरे (23), गड्डीगोदाम का रतन राजेंद्र बोनगिरी (25), गोरेवाड़ा रोड का शमी उर्फ समीर सलीम शेख (19) और झिंगाबाई टाकली का त्रवेश दीपक कांबले (20) शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल वाहन, लूटा गया मोबाइल फोन और नकद रकम सहित कुल 3 लाख रुपये का माल जब्त किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूटपाट और मारपीट की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।