मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
18:54 IST

जयपुर के दो ईडी अधिकारियों पर मुंबई के कारोबारी से 2.25 करोड़ ऐंठने का आरोप, एफआईआर दर्ज

गोरेगांव के बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज, जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच के पास

जयपुर के दो ईडी अधिकारियों पर मुंबई के कारोबारी से 2.25 करोड़ ऐंठने का आरोप, एफआईआर दर्ज
एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर; यह घटना का वास्तविक फोटो नहीं है | PT24

मुंबई में ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय के दो अधिकारियों पर एक कारोबारी को कार्रवाई और गिरफ्तारी की धमकी देकर 2.25 करोड़ रुपये ऐंठने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले में जयपुर में तैनात ईडी के दो अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनके नाम मोहित गर्ग और देवेंद्र गुप्ता बताए जा रहे हैं। मोहित गर्ग सहायक निदेशक के पद पर हैं जबकि देवेंद्र गुप्ता प्रवर्तन अधिकारी हैं। यह केस गोरेगांव के बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।

शिकायत के मुताबिक, मुंबई की 'विंट्री टेक' कंपनी के मालिक अमूल्य वस्सा के पास 20 जुलाई को मोहित गर्ग और देवेंद्र गुप्ता मालाड स्थित उनके ऑफिस पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने कोई कानूनी कागजात दिखाए बिना वस्सा पर गंभीर आरोप लगाए और उनका ऑफिस सील करने और उन्हें गिरफ्तार करने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक दोनों अधिकारियों ने शुरुआत में वस्सा से 5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी और पैसे न देने पर सख्त कार्रवाई की धमकी दी। बाद में बातचीत के बाद रकम घटकर 2.25 करोड़ रुपये पर तय हुई। उसी शाम वस्सा और उनके पार्टनर मालाड के एक रेस्टोरेंट में आरोपी अधिकारियों से मिले और अगले ही दिन वस्सा ने आरोपियों को 1 करोड़ रुपये दे दिए।

वस्सा ने कुछ और गंभीर आरोप भी लगाए हैं। उनका कहना है कि पहला हप्ता मिलने के बाद आरोपियों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों ने यह मामला बंद कर दिया है। लेकिन जब वस्सा ने इसके कागजात मांगे तो कहा गया कि फाइल की सत्यता केवल दिल्ली में ही जांची जा सकती है। 25 जुलाई को वस्सा के दो साथियों की दिल्ली के एक मॉल में आरोपी अधिकारियों से मुलाकात हुई, जहां आरोपियों ने मामला निपटाने के कथित फर्जी दस्तावेज दिखाए और उसके बाद बाकी बचे 1.25 करोड़ रुपये ले लिए।

आरोप है कि 2.25 करोड़ रुपये मिलने के बाद भी आरोपियों की पैसों की मांग रुकी नहीं। शिकायत के मुताबिक यह कहकर और पैसे मांगे गए कि वरिष्ठ अधिकारी नाराज हैं और उन्हें और पैसे देने होंगे, साथ ही हर महीने नियमित हप्ता देने की भी मांग की गई। बार-बार होती इस मांग से शक होने पर वस्सा ने संबंधित कागजात की पड़ताल की और जान-पहचान के सूत्रों से पता लगाया, जिसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक, प्राथमिक जांच में मोहित गर्ग और देवेंद्र गुप्ता दोनों ईडी के अधिकारी निकले हैं और इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। दोनों अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद और ईडी के अधिकारों का गलत इस्तेमाल कर साजिश रची, कारोबारी को धमकाया और 2.25 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की। इस मामले की आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है और आरोपों की सच्चाई तथा कथित पैसों के लेनदेन की पूरी कड़ी की पड़ताल की जा रही है।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे