जमानत पर आते ही नाबालिग से छेड़खानी
रेप प्रकरण में जेल गया था आरोपी, मां को भी धमकाया, जरीपटका में वारदात
नाबालिग का यौन शोषण करने के बाद जमानत पर आए युवक द्वारा पून: छेड़खानी करके धमकाए जाने का मामला सामने आया है. यह वारदात जरीपटका थाने के तहत हुई है. पीड़ित 17 वर्षीय नाबालिग की सोशल मीडिया पर सम्यक बागडे (21) म्हाडा क्वार्टर, नारी रोड से पहचान हुई थी. उसने किशोरी के साथ जबरण शारीरिक संबंध बनाए. इस मामले में जरीपटका पुलिस थाने में पहले ही सम्यक के खिलाफ पोक्सो के तहत मामला दर्ज था. इस प्रकरण में करीब एक महीना पहले ही सम्यक जमानत पर आया है. इसके बाद भी वह अपनी हरकत से बाज नहीं आया. नाबालिग की शिकायत के अनुसार जमानत पर आने के बाद से सम्यक दोबारा उसे फोन और मैसेज करके परेशान करने लगा. उसे अश्लील मैसेज भेजने लगा. परिजनों को जान से मारने की धमकी देने लगा. 29 सितंबर की रात सम्यक नाबालिग के घर के सामने आया. उसे देखकर नाबालिग ने अपनी मां को जानकारी दी. उसकी मां घर के बाहर आई. सम्यक नाबालिग की मां को गालियां देकर फरार हो गया. जरीपटका पुलिस ने नाबालिग की शिकायत पर पोक्सो के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपी के दुस्साहस से नाबालिग की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए है. नाबालिग और उसके परिजन दहशत में है.