ह्युंदाई ने पेश की नई टक्सन N Line, प्लग-इन हाइब्रिड में 288 hp और 67 किमी इलेक्ट्रिक रेंज
नई जनरेशन की ह्युंदाई टक्सन N Line का अनावरण 2026 पेरिस मोटर शो में हुआ। भारत में लॉन्च की तारीख और कीमत अभी तय नहीं।
ह्युंदाई ने अपनी नई जनरेशन की टक्सन N Line एसयूव्ही से परदा उठा दिया है। इस स्पोर्टी एसयूव्ही को 2026 पेरिस मोटर शो में पेश किया गया। इसमें आकर्षक डिजाइन, प्रीमियम इंटीरियर और हाइब्रिड इंजन के विकल्प दिए गए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा प्लग-इन हाइब्रिड वेरिएंट की है, जिसमें 288 hp पावर और 67 किमी तक की इलेक्ट्रिक रेंज मिलती है। जो ग्राहक स्पोर्टी लुक के साथ इलेक्ट्रिक ड्राइविंग का अनुभव चाहते हैं, उनके लिए यह गाड़ी चर्चा में है।
डिजाइन की बात करें तो नई टक्सन N Line में 20 इंच के अलॉय व्हील, आकर्षक फ्रंट बंपर, सैटिन ब्लैक एयर डक्ट और बॉडी कलर के साइड स्कर्ट दिए गए हैं। पीछे की तरफ डिफ्यूजर जैसे डिजाइन वाला बंपर और ट्विन एक्झॉस्ट आउटलेट लगे हैं। ग्लॉसी ब्लैक मिरर और N Line बैजिंग इसे स्पोर्टी लुक देते हैं। ह्युंदाई की खास H आकार वाली लाइटिंग डिजाइन भी बरकरार रखी गई है।
इंजन के मामले में इस एसयूव्ही में तीन तरह के इलेक्ट्रिफाइड पेट्रोल पावरट्रेन मिलते हैं। पहले में 1.6 लीटर T-GDi पेट्रोल इंजन है, जिसके साथ 48V माइल्ड हाइब्रिड सिस्टम जोड़ा गया है। यह 148 hp पावर देता है और इसके साथ 7 स्पीड ड्यूल क्लच गियरबॉक्स मिलता है।
दूसरा फुल हाइब्रिड वेरिएंट है। इसमें 1.6 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन और 1.49 kWh की बैटरी मिलकर 242 hp पावर बनाते हैं। तीसरा प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल है, जिसमें 17.1 kWh की बैटरी है और कुल पावर 288 hp है। कंपनी के दावे के मुताबिक यह वेरिएंट इलेक्ट्रिक मोड में 67 किमी तक चल सकता है। फ्रंट व्हील ड्राइव और ऑल व्हील ड्राइव, दोनों के विकल्प भी मिलेंगे।
केबिन में 17 इंच की टचस्क्रीन, Pleos Connect इन्फोटेनमेंट सिस्टम और AI वॉइस असिस्टेंट दिया गया है। लाल स्टिचिंग वाली स्पोर्ट सीट, N स्टीयरिंग व्हील, मेटल पेडल और प्रीमियम फिनिश से अंदर का लुक अलग दिखता है। चुनिंदा वेरिएंट में Bang & Olufsen का 12 स्पीकर ऑडियो सिस्टम, डिजिटल की और वायरलेस चार्जिंग की सुविधा भी है।
सुरक्षा के लिए ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, हाईवे ड्राइविंग असिस्ट और पार्किंग कोलिजन अवॉइडेंस जैसे फीचर दिए गए हैं। पिछली सीटें 4:2:4 पद्धति से फोल्ड हो जाती हैं और बूट स्पेस 613 लीटर तक है।
अब सवाल भारत का है। इस नई टक्सन N Line का अनावरण यूरोप में हुआ है, लेकिन भारत में इसकी लॉन्च की तारीख और कीमत अभी घोषित नहीं हुई है। भारतीय ग्राहकों को इस स्पोर्टी हाइब्रिड एसयूव्ही के लिए कंपनी की अगली घोषणा का इंतजार करना होगा।