हॉस्पिटल में बेकाबू हुआ ट्रक , एक की मौत-दो जख्मी
नागपुर. एमआईडीसी के शालिनीताई मेघे हॉस्पिटल में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब निर्माण सामग्री लेकर पहुंचे अशोक लेलैंड ट्रक ने तीन लोगों को टक्कर मार दी. हादसे में 26 वर्षीय श्यामकृष्णन पी. पी. के. की मौके पर मौत हो गई, जबकि अमन के. पी. (23) और श्रद्धा विकी वासेकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. ट्रक क्रमांक एमएच-40 सीटी-3161 अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के लिए सामग्री लेकर आया था. सामान उतारने के बाद चालक ट्रक लेकर बाहर जा रहा था. इसी दौरान अस्पताल की इमारत के समीप अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया. उसने वहां से गुजर रहे तीन लोगों को पीछे से चपेट में ले लिया. श्यामकृष्णन को कुचल डाला. उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. हादसे के बाद परिसर में चीख-पुकार मच गई. लोगों ने चालक को ट्रक को रोकने का प्रयास किया. पिटाई किए जाने के भय से चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची. उसने ट्रक बरामद करके चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है.