हीट एण्ड रन में कार की टक्कर से बालक जख्मी
कलमना की शिक्षक कॉलोनी में हादसा, नागरिकों ने थाने का किया घेराव
नागपुर.
शहर पुलिस की लाख सख्ती के बाद भी हीट एण्ड रन की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है. कलमना की शिक्षक कॉलोनी में कार चालक युवती ने घर के बरामदे में खेल रहे चार साल के बालक को टक्कर मारकर गंभीर जख्मी कर दिया. आरोपी युवती और उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से संतप्त बालक के परिजनों ने रविवार की रात कलमना थाने का घेराव किया. इस घटना के बाद से नागरिकों में तीव्र रोष है.
शिक्षक कॉलोनी निवासी सचिन देशमुख का चार साल का बेटा शिवांश 23 सितंबर की शाम 5 बजे घर के बरामदे में खेल रहा था. घटना के वक्त कॉलोनी के दूसरे बच्चे भी घर के सामने खेल रहे थे. यह देखकर शिवांश भी खेलते-खेलते घर के गेट के पास आकर खेलने लगा. उसी वक्त कार क्रमांक एम.एच./49/डी.ए./0744 में मार्ग से गुजरी. कार को एक युवती चला रही थी. उसकी बगल में सहेली भी बैठी थी. युवती ने शिवांश को टक्कर मार की. इस टक्कर से शिवांश दूर जाकर गिर पड़ा. उसके सिर और हाथ-पैर में गहरी चोट आ गई. बस्ती के लोग मदद के लिए दौड़े. उन्होंने कार को रोक लिया. उसमें ही शिवांश को लेकर पारडी के भवानी हास्पिटल पहुंचे. हास्पिटल पहुंचते ही युवती कार से उतरकर फरार हो गई. हालत नाजुक होने से शिवांश को आईसीयू में भर्ती किया गया. घटना का पता चलने पर युवती के परिजन अस्पताल पहुंचे. उन्होंने युवती द्वारा हादसे की जानकारी देने से इनकार किया. परिजनों ने कलमना थाने में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की. युवती के परिजन शिवांश के परिजनों को शांत रहने की नसीहत देने लगे.
कलमना पुलिस द्वारा कार्रवाई करने में ढिलाई बरतने से रविवार की रात शिवांश के परिजन और नागरिकों ने कलमना थाने का घेराव किया. उनका कहना था कि पुलिस के सख्त कार्रवाई नहीं करने से युवती के परिजनों का भय खत्म हो गया है. वह उन्हें ही धमका रहे है. हमार कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है. नागरिकों ने रात 11 से 2 बजे के दौरान कमना थाने का घेराव किया. उन्होंने युवती और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई कार्रवाई करने की मांग की. कलमना पुलिस कार्रवाई में ढिलाई बरतने से इनकार कर रही है. उसका कहना है कि बालक के परिजन आरंभ में सुलह कर रहे थे. इसीलिए उन्होंने आरंभ में शिकायत दर्ज नहीं कराई.