रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

हवस का शिकार बनीं दो मासूम बालिकाएं

जुर्म PT24 टीम

एक का पिता ही निकला दरिंदा, गणेशपेठ-वाड़ी में वारदात

नागपुर.

शहर में मासूम बालिकाओं के साथ दरिंदगी की दो शर्मनाक घटनाएं सामने आई हैं. गणेशपेठ और वाड़ी थाना क्षेत्र में हुई इन वारदातों ने एक बार फिर नाबालिगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. गणेशपेठ में 14 वर्षीय बालिका को उसके ही पिता ने हवस का शिकार बनाया, जबकि वाड़ी में 23 वर्षीय युवक ने 10 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म किया. वाड़ी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गणेशपेठ पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

मां अस्पताल में भर्ती, पिता ने उठाया अकेलेपन का फायदा

गणेशपेठ थाना क्षेत्र की घटना में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. 14 वर्षीय बालिका की मां प्रसूति के लिए डागा अस्पताल में भर्ती थी. बताया जाता है कि बालिका की मां की तीन शादियां हुई हैं और वह फिलहाल अपने दूसरे पति के साथ रहती है. इसी दौरान उसका तीसरा पति बालिका के पास पहुंचा. उसने उसे खाना खिलाने के बहाने कॉटन मार्केट स्थित एक लॉज में चलने को कहा. आरोपी बालिका को लॉज में ले गया और वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. बालिका ने घर पहुंचकर इस घटना की जानकारी अपने दूसरे पिता को दी, लेकिन उसकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वह आहत होकर घर से भाग निकली. वह ट्रेन में सवार होकर मध्य प्रदेश स्थित अपने जैविक पिता के पास जाने के लिए निकल पड़ी. इधर, दूसरे पिता ने बालिका के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई. पुलिस की सूचना पर गोंदिया स्टेशन पर जीआरपी ने बालिका को ट्रेन से बरामद कर लिया. बाल कल्याण समिति के समक्ष पूछताछ के दौरान बालिका ने अपने साथ हुई दरिंदगी की आपबीती सुनाई. इसके बाद गोंदिया जीआरपी ने पॉक्सो और दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच गणेशपेठ पुलिस को सौंप दी. गणेशपेठ पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है.

मजदूर परिवार की बच्ची को बनाया हवस का शिकार

दूसरी घटना वाड़ी थाना क्षेत्र की है. यहां निर्माणाधीन इमारत में मजदूरी करने वाले परिवार की 10 वर्षीय बालिका के साथ 23 वर्षीय रामेश्वर बलिराम उईके ने दुष्कर्म किया. बालिका अपने माता-पिता और अन्य मजदूरों के साथ निर्माण स्थल पर बनी झोपड़ी में रहती है. दीपावली के कारण अधिकांश मजदूर अपने गांव चले गए थे. इसी दौरान 11 नवंबर को बालिका की मां काम पर गई हुई थी. मौके का फायदा उठाकर आरोपी वहां पहुंचा. उसने बालिका के साथ मौजूद उसके हमउम्र भाई को झोपड़ी से बाहर भेज दिया. इसके बाद मासूम के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी. मां के घर लौटने पर बालिका ने उसे पूरी आपबीती सुनाई. इसके बाद मां ने वाड़ी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी रामेश्वर उईके के खिलाफ पॉक्सो और दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

बढ़ती घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

शहर में नाबालिग बालिकाओं के साथ सामने आ रही यौन हिंसा की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं. घर और आसपास के परिचितों के बीच भी मासूमों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं. इन मामलों ने पुलिस के साथ-साथ समाज और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है. बच्चों की सुरक्षा, उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनना और ऐसे अपराधों पर त्वरित कार्रवाई अब बेहद जरूरी हो गई है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन