गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड: फिल्म सिटी फ्लाईओवर 15 अक्टूबर से शुरू, 75 का सफर 25 मिनट में
बीएमसी के गोरेगांव-मुलुंड जोड़ मार्ग प्रोजेक्ट के तहत बन रहा फ्लाईओवर आखिरी चरण में, अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में होगा लोड टेस्ट
मुंबई के पश्चिम और पूर्व उपनगरों के बीच रोज जाम में फंसने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। गोरेगांव - मुलुंड जोड़ मार्ग यानी GMLR प्रोजेक्ट के तहत बन रहा एक अहम फ्लाईओवर अब लगभग तैयार हो चुका है। गोरेगांव से दादासाहेब फाळके चित्रनगरी के बीच बन रहे इस 1.26 किलोमीटर लंबे उड्डाणपुल का काम आखिरी चरण में पहुंच गया है, और यह पुल 15 अक्टूबर 2026 तक आम लोगों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (प्रोजेक्ट) अभिजीत बांगर ने हाल ही में इस प्रोजेक्ट साइट का खुद जाकर मुआयना किया और चल रहे काम का जायजा लिया। दिंडोशी कोर्ट से लेकर दादासाहेब फाळके चित्रनगरी तक बनने वाला यह 3x3 लेन का पुल है, जिसका मुख्य निर्माण काम पूरा हो चुका है। अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में इस पुल का लोड टेस्ट यानी भार परीक्षण किया जाएगा।
यह पुल दिंडोशी कोर्ट से शुरू होता है, रत्नागिरी जंक्शन होटल के पास मुड़ता है और दादासाहेब फाळके चित्रनगरी में उतरता है। इसे एक ही खंभे पर पहले से तैयार किए गए प्रबलित कंक्रीट के सेगमेंटल बॉक्स गर्डर लगाकर बनाया गया है। पुल का मुख्य निर्माण काम सौ फीसदी पूरा हो चुका है, जिसमें कुल 31 खंभे और 30 स्पैन खड़े किए गए हैं। खंभों पर बीम बिठाने, डेक स्लैब की ढलाई और पुल के दोनों तरफ के अप्रोच रोड का काम भी पूरा हो चुका है। अब बचे हुए काम जैसे रंगाई-पुताई, दिशा बताने वाले बोर्ड लगाना, बिजली के खंभे खड़े करना, थर्मोप्लास्टिक मार्किंग, कैट्स आइज और शोर रोकने वाली दीवारें लगाने का काम अभी चल रहा है।
पूरा GMLR प्रोजेक्ट करीब 12.20 किलोमीटर लंबा है, और इसके बनने से पश्चिम और पूर्व उपनगरों के बीच का सफर 75 मिनट से घटकर सिर्फ 25 मिनट का रह जाएगा। इससे पेट्रोल-डीजल की खपत भी कम होगी और मुंबई के हवा की क्वालिटी यानी एक्यूआई में भी सुधार आने की उम्मीद है। बीएमसी इसे शहर के लोगों की जिंदगी आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मान रही है।
पुल की मजबूती, सुरक्षा और ट्रैफिक झेलने की क्षमता जांचने के लिए अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में लोड टेस्ट किया जाएगा। इस टेस्ट के बाद जरूरी तकनीकी प्रक्रिया पूरी करके पुल को 15 अक्टूबर 2026 तक ट्रैफिक के लिए खोलने की तैयारी है।