मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
18:00 IST

गोंदिया में जादू-टोने के शक में मजदूर की हत्या, दो गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में

गोंदिया के मुंडीपार इलाके में मजदूर की कुल्हाड़ी-हथौड़े से हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपियों को पकड़ लिया, पूछताछ में जादू-टोने के शक की बात सामने आई।

गोंदिया में जादू-टोने के शक में मजदूर की हत्या, दो गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में
एआई से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर; यह घटना का वास्तविक फोटो नहीं है | PT24

गोंदिया के मुंडीपार एमआईडीसी इलाके में 22 सितंबर की रात सड़क किनारे एक शख्स की खून से लथपथ लाश मिली थी। मरने वाले की पहचान 58 साल के रविशंकर उदेलाल रहांगडाले के तौर पर हुई। लोकल क्राइम ब्रांच ने इस मामले की गुत्थी महज 24 घंटे में सुलझा दी। पुलिस के मुताबिक यह न तो लूट का मामला था और न ही आपसी झगड़े का, बल्कि अंधविश्वास और बदले की भावना से रची गई एक खौफनाक साजिश थी।

पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे कमलेश अशोक नेवारे (19) और जितेंद्र कोहळे (45) को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा इस वारदात में शामिल दो विधि संघर्ष बालकों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर की शाम करीब सवा सात बजे से सवा आठ बजे के बीच रविशंकर रहांगडाले अपनी बाइक से वेंकटेश राइस मिल में नाइट शिफ्ट ड्यूटी पर जा रहे थे। आरोपियों ने पहले से घात लगाकर मार्बल कंपनी के पास से स्प्लेंडर बाइक पर उनका पीछा शुरू किया। चमड़ा फैक्ट्री के सामने आरोपियों ने रविशंकर को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, आरोपियों ने पीछे से हथौड़े से वार कर उन्हें बाइक समेत गिरा दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी से सिर पर लगातार वार कर उनकी हत्या कर दी गई, ऐसा पुलिस का कहना है।

मृतक के बेटे विक्की रहांगडाले की शिकायत पर पुलिस स्टेशन गंगाझरी में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के निर्देश और LCB इंस्पेक्टर रेवचंद सिंगनजुडे की अगुवाई में जांच शुरू हुई तो गांव में यह बात सामने आई कि मृतक पर जादू-टोना करने का शक था।

पूछताछ में हिरासत में लिए गए आरोपी कमलेश नेवारे ने कबूल किया कि उसके परिवार के दो लोगों की मौत रविशंकर के जादू-टोने की वजह से हुई थी, ऐसा उसका मानना था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को यह भी शक था कि मनीष टेंभरे और जितेंद्र कोहळे के घर हुई मौतों के साथ-साथ ऋषभ कोहळे की लगातार बिगड़ती तबीयत के पीछे भी रविशंकर का ही तंत्र-मंत्र है। पुलिस का कहना है कि इसी शक और बदले की भावना में कमलेश, जितेंद्र और दो नाबालिगों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे, अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे और एसडीपीओ तिरोड़ा गजानन गुल्हाणे के मार्गदर्शन में LCB पुलिस निरीक्षक प्रेमचंद सिंगनजुड़े और गंगाझरी पुलिस की टीम ने तकनीकी सबूतों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों को पकड़ा। पकड़े गए दोनों बालिग आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गंगाझरी थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।

इस केस को 24 घंटे के भीतर सुलझाने में API अमरदीप खड़े, सहायक पुलिस निरीक्षक जंगमवार, सफौ राजू मिश्रा, पुलिस हवलदार तुलसीदास लुटे, सोमेंद्रसिंह तुरकर, रियाज शेख, महेश मेहर, दीक्षितकुमार दमाहे, संजय चव्हाण, दुर्गेश तिवारी, भोजराज बहेकार, इंद्रजीत बिसेन, पुलिस सिपाही राकेश इंदुरकर, छगन विठ्ठले, कुणाल बारेवार, निखिल मेश्राम, राम खंदारे, मुरली पांडे, इमरान सैय्यद, निलेश ठाकरे, साइबर सेल के देविदास ठमके, योगेश राहिले, आकिब काझी, श्रेयस लांबट के अलावा गंगाझरी थानेदार धीरज राजूरकर, पुलिस हवलदार भुरे, उमेश कावळे, महेंद्र कटरे और प्रशांत गौतम की टीम ने अहम भूमिका निभाई।

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे