गवाही देने से रोकने के लिए हत्या
अमरावती मार्ग पर वारदात, आरोपी गिरफ्तार
नागपुर. अदालत में गवाही देने से रोकने के लिए पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की उसके ही रिश्तेदारों ने हत्या कर दी. यह वारदात वाड़ी थाने के तहत हुई है. मृतक सचिन दीपक भुरानी (32) पारडसिंगा, नरखेड है. पुलिस ने सागर जगदीश चंद्रावत (24) सेलु, वर्धा को गिरफ्तार किया है. सचिन के पिता और आरोपी सागर के पिता रिश्तेदार है. सागर, उसके पिता और भाई जयदेश ने 2023 में सचिन के चाचा धीरज चव्हाण पर हमला किया था. इसके बाद पुलिस ने तीनों को तड़ीपार भी किया था. आरोपी सचिन और उसके परिजनों को गांव से आते-जाते वक्त गालियां देकर धमकाते थे. बताया जाता है कि इस प्रकरण में सचिन गवा था. उसकी गवाही से आरोपियों को परेशानी बढ़ने का संदेह था. 27 सितंबर की दोपहर सचिन अमरावती मार्ग स्थित बालाजी आयुर्वेद में दवा खरीदने के लिए गया था. सागर उसका पीछा कर रहा था. उसने सचिन पर हमला कर दिया था. उसने सीने और गर्दन पर वार करके सचिन को गंभीर जख्मी कर दिया था. इसके बाद से सचिन का मेयो अस्पताल में उपचार चल रहा था. उसने मंगलवार को दम तोड़ दिया.